17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान, सरकारी योजनाओं का लाभ घर-घर पहुंचाने पर रहेगा जोरः डीसी

एक माह में होंगी 25 सेवा गतिविधियां; 17 अक्टूबर को जनसेवक महाकुंभ के साथ होगा समापन।

17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान, सरकारी योजनाओं का लाभ घर-घर पहुंचाने पर रहेगा जोरः डीसी

रोहतक, गिरीश सैनी। जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। एक माह तक चलने वाले इस अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने के साथ पात्र लोगों तक केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर रहेगा। उपायुक्त सतबीर सिंह ने शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में अधिकारियों की बैठक लेकर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की और विभागों को जिम्मेदारियां सौंपीं।

उपायुक्त ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाना और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाना है। इसके तहत सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के माध्यम से ब्लॉक एवं विधानसभा क्षेत्र स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। प्रत्येक ब्लॉक और विधानसभा क्षेत्र में सेवा सेतु केंद्र स्थापित करने की योजना है। यहां लोगों को योजनाओं की जानकारी, आवेदन प्रक्रिया और लाभ लेने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन मिलेगा।

डीसी सतबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे। विभागवार एवं खंडवार कार्ययोजना तैयार करने, नोडल अधिकारियों की नियुक्ति तथा उपलब्ध डेटाबेस के माध्यम से लक्षित लाभार्थियों की पहचान करने के निर्देश भी दिए गए।

25 तरह की सेवा गतिविधियां

सेवा मेरा योगदान अभियान के तहत नागरिकों को घर, गांव, स्कूल, कार्यस्थल और सार्वजनिक स्थानों पर सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। रक्तदान, पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर, वृद्धाश्रम व अनाथालयों का दौरा, जरूरतमंद बच्चों को शैक्षणिक सहयोग, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, पोषण व एनीमिया जागरूकता, सड़क सुरक्षा, जल संरक्षण, कचरा पृथक्करण, साइबर सुरक्षा, खेल गतिविधियों और दिव्यांगजनों की सहायता समेत 25 सेवा गतिविधियां आयोजित होंगी।

17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक राष्ट्रव्यापी चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें विद्यार्थी देश के विकास और उपलब्धियों से जुड़े विषयों पर अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। वहीं राष्ट्रीय नवाचार चुनौती के जरिए युवाओं, विद्यार्थियों, युवा उद्यमियों और तकनीकी विशेषज्ञों को सुशासन व डिजिटल समाधान से जुड़े नवाचारों के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

नमो सेवा गाथा के तहत स्कूल-कॉलेज, पंचायतों और सार्वजनिक स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों के जरिए सेवा कार्यों और विकास की कहानियां आमजन तक पहुंचाई जाएंगी। 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों पर आंगन का उत्सव भी आयोजित होगा।

अभियान का समापन 17 अक्टूबर को नई दिल्ली में प्रस्तावित जनसेवक महाकुंभ के साथ होगा। इसमें करीब 1.25 लाख निर्वाचित प्रतिनिधियों के शामिल होने की योजना है। इस अवसर पर वंदे मातरम् के सभी छह अंतरों के सामूहिक गायन का भी प्रस्ताव है।

इस दौरान असिसटेंट कमिश्नर अंडर ट्रेनिंग विशाल सिंह आईएएस, रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार, आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह, महम के एसडीएम विपिन कुमार, नगराधीश शुभम, डीडीपीओ राजपाल चहल, सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।