गीला-सूखा कचरा अलग करें, घर से शुरू करें स्वच्छता की पहल
शीला बाईपास चौक पर जागरूकता कार्यक्रम
रोहतक, गिरीश सैनी। सेवा संकल्प अभियान के तहत शीला बाईपास चौक पर कचरा पृथक्करण और कंपोस्टिंग के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला संयोजक संदीप राठी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में निगम कर्मचारियों से घर-घर जाकर लोगों को गीले और सूखे कचरे को अलग रखने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
निगम कर्मचारी कचरा संग्रहण के साथ उसके पृथक निस्तारण के प्रति भी लोगों को जागरूक करें। गृहणियों को बताया जाएगा कि फल-सब्जियों के छिलके और अन्य जैविक अपशिष्ट गीले कचरे में डालें, जबकि कागज, गत्ता और प्लास्टिक सूखे कचरे में रखें। गीले कचरे से जैविक खाद बनाई जा सकती है, जबकि सूखे कचरे के पुनर्चक्रण से संसाधनों का बेहतर उपयोग संभव है।
इस दौरान कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। घरों से कचरे का पृथक्करण शुरू होने पर निस्तारण आसान होगा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। निगम द्वारा नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई।

Girish Saini

