लाडो लक्ष्मी योजना का बढ़ा दायरा, पात्र महिलाओं को मिलेंगे ₹2,100 मासिकः डीसी

23 वर्ष या अधिक आयु और 1.80 लाख रुपये तक वार्षिक पारिवारिक आय वाली महिलाएं ले सकती हैं लाभ

लाडो लक्ष्मी योजना का बढ़ा दायरा, पात्र महिलाओं को मिलेंगे ₹2,100 मासिकः डीसी

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा सरकार की दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 2,100 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में संचालित इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत सहायता राशि में से 1,100 रुपये सीधे लाभार्थी के बचत बैंक खाते में जमा किए जाते हैं, जबकि शेष 1,000 रुपये फिक्स्ड डिपॉजिट के रूप में जमा होते हैं। इससे महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता के साथ भविष्य के लिए बचत का लाभ भी मिलता है।

उपायुक्त ने बताया कि योजना का दायरा बढ़ाया गया है। अब 1.80 लाख रुपये तक वार्षिक पारिवारिक आय वाले परिवारों की महिलाएं भी निर्धारित शर्तों के अनुसार पात्र हैं। लाभ के लिए महिला की आयु कम से कम 23 वर्ष होनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक तीन माह में मोबाइल ऐप से चेहरे की पहचान के जरिए जीवित होने का सत्यापन अनिवार्य है। पात्र महिलाएं समय पर सत्यापन करवाकर योजना का लाभ जारी रख सकती हैं।