राष्ट्र स्तरीय सशक्त महिला पंचायत कार्यक्रम में रोहतक जिला का प्रतिनिधित्व किया गांव लाहली की सरपंच कश्मीरी देवी ने
कार्यक्रम में महिला सरपंचों को स्वयं कार्य करने और महिला उत्थान के लिए प्रेरित किया।

रोहतक, गिरीश सैनी। विकास एवं पंचायत मंत्रालय द्वारा नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के सशक्त पंचायत कार्यक्रम में जिला की महिला सरपंचों की तरफ से गांव लाहली की सरपंच कश्मीरी देवी कार्यक्रम में शामिल हुई और रोहतक जिला का प्रतिनिधित्व किया। इस राष्ट्र स्तरीय कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने देशभर की महिला सरपंचों को संबोधित किया।
जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला सरपंचों को प्रोत्साहित करना था ताकि वे और अधिक उत्साह और हौसले के साथ गांवों में विकास कार्य और ग्राम पंचायतों का कार्य निपटा सकें। इस कार्यक्रम में महिला सरपंचों को गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, सामाजिक उत्थान, कन्या भ्रूण हत्या नहीं होने देने के साथ नई योजनाओं और नीतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
जिला का प्रतिनिधित्व करने वाली गांव लाहली की सरपंच कश्मीरी कलसन ने बताया कि देशभर से 24 राज्यों की महिला सरपंच इस कार्यक्रम में शामिल हुई, जिन्होंने ग्रामीण विकास में अपनी अधिक से अधिक भूमिका अदा करने को लेकर आपस में अपने विचार साझा किए। कार्यशाला में महिला सरपंचों को बताया गया कि अपने पति की बजाय वे स्वयं पंचायत का कार्य संभालें। इसके अलावा कार्यक्रम में बताया गया कि महिला सरपंच गांवों में घर-घर जाकर महिलाओं को स्वच्छता, कन्या भ्रूण हत्या न होने देने और गांव के विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के बारे में जागरूक करें।