रोहतक ने किया प्रतिदिन 15 मिनट का रीडिंग चैलेंज शुरू, प्रोजेक्ट विश्वास बना रहा छात्रों को आत्मविश्वासीः डीसी सचिन गुप्ता
डीसी ने रोहतक को हरियाणा का अग्रणी शिक्षा जिला बनाने के लिए मिशन मोड में काम करने का आह्वान किया।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए, रोहतक जिला प्रशासन ने शैक्षणिक उत्कृष्टता और छात्रों के सर्वांगीण विकास को मजबूत करने के उद्देश्य से दो प्रमुख पहल शुरू की हैं। इन पहलों में सभी सरकारी प्राइमरी स्कूलों के लिए 15 मिनट का रीडिंग चैलेंज और प्रोजेक्ट विश्वास शामिल है। विद्यार्थियों में आत्मविश्वास पैदा करने, अपनी बात कहने में सक्षम और भविष्य के लिए उन्हें तैयार करने के लिए जिले भर में ये शुरुआत की गई है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने स्कूल शिक्षा विभाग और समग्र शिक्षा की मासिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा के नतीजों को बेहतर बनाना नहीं है, बल्कि ऐसे पाठक, विचारक, बातचीत में कुशल लोग और ज़िम्मेदार नागरिक तैयार करना है जो लगातार बदलती दुनिया में सफल हो सकें। उन्होंने कहा कि हमारा विजन यह सुनिश्चित करना है कि रोहतक का हर बच्चा न केवल पढ़ना सीखे, बल्कि समझकर पढ़े, स्वतंत्र रूप से सोचे, आत्मविश्वास के साथ बातचीत करें और जीवन में सफल होने के लिए ज़रूरी कौशल विकसित करे।
उपायुक्त ने कहा कि जिला के राजकीय प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को अपठित गद्यांश पढ़ने, उसका अर्थ समझने तथा प्रश्नों के उत्तर देने में समक्ष बनाने के लिए जिला के सभी प्राथमिक विद्यालयों में जीरो पीरियड के बाद प्रतिदिन 15 मिनट का लाइब्रेरी रीडिंग पीरियड प्रारम्भ किया गया है, जिसका उद्देश्य विद्यालयों में पुस्तकालय जैसा वातावरण सर्जित करना है तथा बच्चों की पढ़ाई व रूचि को बढ़ाना है।
उन्होंने कहा कि सीआरपी अर्थात कौशल समीक्षा कार्यक्रम के माध्यम से प्रत्येक विद्यार्थी की क्षमता का डिजिटल आकलन कर स्किल पासबुक तैयार की गई। बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता, आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान, विद्यार्थियों के सीखने के स्तर, विद्यालयी आधारभूत सुविधाओं, नवाचारों तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान विद्यार्थियों को जॉयफुल हॉलीडे होमवर्क उपलब्ध कराया गया, जिसमें गतिविधि आधारित अधिगम, कहानी लेखन, पुस्तक पठन, पारिवारिक सहभागिता, स्थानीय संस्कृति एवं पर्यावरण आधारित गतिविधियां शामिल थी।
उपायुक्त ने कहा कि अभिनव पहल प्रोजेक्ट विश्वास का उद्देश्य कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों को आत्मविश्वासी, अभिव्यक्तिशील, दृढ़, उत्तरदायी, सहभागी एवं जीवन के लिए तैयार शिक्षार्थी बनाना है। परियोजना के तहत विद्यार्थियों की कक्षा में सहभागिता, संवाद आत्मविश्वास, सीखने में दृढ़ता, नेतृत्व एवं पहल, सामाजिक आत्मविश्वास एवं समावेशन तथा भविष्य एवं जीवन के प्रति आत्मविश्वास जैसे छह महत्वपूर्ण आयामों पर कार्य किया जा रहा है। मदीना स्थित डाइट द्वारा इस नवाचार प्रोजेक्ट विश्वास को लागू किया जा रहा है। पायलट चरण में जिला के 43 क्लस्टर रिसोर्स सेंटर से जुड़े सरकारी विद्यालयों को शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि परियोजना लागू होने से कक्षा सहभागिता, प्रश्न पूछने की प्रवृत्ति, समूह गतिविधियों में भागीदारी तथा सार्वजनिक रूप से अपनी बात रखने के आत्मविश्वास में सकारात्मक सुधार दर्ज किया गया। परियोजना के अंतर्गत दैनिक गतिविधियां, रोल प्ले, समूह चर्चा, प्रस्तुतीकरण, प्रेरक सत्र एवं सतत मूल्यांकन किया जा रहा है। पीएम पोषण योजना के तहत सभी अधिकारी मिड-डे-मील के भोजन की गुणवत्ता की जांच करें।
उपायुक्त ने बैठक में गणित ओलंपियाड प्रशिक्षण, सुपर-40 आईआईटी-जेईई एवं नीट-2027 कार्यक्रम, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के विशेष मार्गदर्शन कार्यक्रम तथा करियर काउंसलिंग की भी समीक्षा की। इसके अतिरिक्त कौशल बिजनेस चैलेंज 3.0, पीएम श्री विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए समर एडवेंचर कैंप, पर्यावरण संरक्षण गतिविधियाँ, एक पेड़ माँ के नाम अभियान, नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम, स्वच्छ विद्यालय अभियान, स्कूल सुरक्षा गतिविधियां, योग एवं खेल गतिविधियां तथा केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक, डाइट की प्राचार्या रितु पंघाल, डीईईओ बिजेंद्र हुड्डा, समग्र शिक्षा की जिला परियोजना समन्वयक सुमन हुड्डा, मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी तनुमय दत्ता, उप जिला शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार एवं सुनीता चहल, खंड शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार, साधना, सतेंद्र व संजय कुमार, एफएलएन रूपांशी हुड्डा, सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Girish Saini 


