कान्हा के रंग में रंगा रोहतक, मंदिरों में गूंजे जयकारे; बाजारों में उमड़ी भीड़

कान्हा के रंग में रंगा रोहतक, मंदिरों में गूंजे जयकारे; बाजारों में उमड़ी भीड़

रोहतक, गिरीश सैनी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर शुक्रवार को रोहतक शहर भक्तिभाव और उल्लास में डूबा नजर आया। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई। शहर के छोटे-बड़े सभी मंदिरों को रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों और आकर्षक झांकियों से सजाया गया।

श्री दुर्गा भवन मंदिर, डेरा बाबा बालक पुरी, डीएलएफ स्थित राधा कृष्ण मंदिर, सुखपुरा स्थित बाबा मंढ़ी मंदिर, चुन्नी पुरा स्थित सैनी धर्मशाला, मॉडल टाउन स्थित गुफा वाला मंदिर, बाबा बंदा बहादुर पार्क, शहीद मदन लाल धींगड़ा सामुदायिक केंद्र समेत शहर के विभिन्न स्थानों व मंदिरों में भगवान कृष्ण का विशेष श्रृंगार कर पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और झांकियों का आयोजन किया गया। मध्य रात्रि में कान्हा के जन्म के साथ मंदिरों में घंटे-घड़ियाल और जयकारों से वातावरण गूंज उठा।

जन्माष्टमी को लेकर शहर के बाजार भी कान्हा के रंग में रंगे नजर आए। दुकानों पर लड्डू गोपाल की पोशाक, मुकुट-मुरली, मोरपंख, झूले, आभूषण और राधा-कृष्ण की सजावटी सामग्री की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ रही। बच्चों के लिए कृष्ण-राधा की पोशाक और झांकियों का सामान भी खूब खरीदा गया। शहर के कई स्थानों पर बच्चों ने कृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित झांकियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।