जीजेयू को आदर्श विवि बनाने में सेवानिवृत्त कर्मियों का अहम योगदानः कुलपति प्रो. विजय कुमार
हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि में पांच कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति पर सेवा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कुलपति प्रो. विजय कुमार ने कहा कि पद भले अलग-अलग रहे हों, लेकिन विवि के विकास में सभी का योगदान महत्वपूर्ण है। ऐसे समर्पित शिक्षकों और कर्मचारियों के दम पर ही गुजवि हरियाणा का आदर्श विवि बनने की क्षमता रखता है।
समारोह में सेवानिवृत हुए हरियाणा स्कूल ऑफ बिजनेस के प्रो. नरेन्द्र कुमार बिश्नोई, पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार, सहायक कुलसचिव सरोज रानी, लैब अटेंडेंट सुभाष चंद्र और बेलदार देवेन्द्र सहाय भारद्वाज को सम्मानित किया गया। सभी को शॉल और स्मृति चिह्न भेंट किए गए।
कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने कहा कि विवि एक ज्ञान की इमारत है, जिसे खड़ा करने में सेवानिवृत्त कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। समारोह में प्रो. एन.के. बिश्नोई की अर्थशास्त्र के क्षेत्र में उपलब्धियों और डॉ. विनोद कुमार के पुस्तकालय को बेहतर बनाने में योगदान की सराहना की गई। सरोज रानी की प्रशासनिक दक्षता तथा सुभाष चंद्र और देवेन्द्र सहाय की सेवाओं को भी याद किया गया।
गौरतलब है कि प्रो. बिश्नोई ने 1994 में लेक्चरर के रूप में सेवाएं शुरू की और 2011 में प्रोफेसर बने। डॉ. विनोद कुमार 1996 में सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष बने और 2019 में पुस्तकालयाध्यक्ष नियुक्त हुए। सरोज रानी ने 1996 में सेवाएं शुरू कर 2019 में सहायक कुलसचिव का पद संभाला। सुभाष चंद्र ने 2013 और देवेन्द्र सहाय ने 1997 में विवि ज्वाइन किया था।

Girish Saini 

