विकसित भारत-2047 की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों परः पूर्व मंत्री ग्रोवर
सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों ने बनाई मानव रंगोली, पौधारोपण कर स्वदेशी अपनाने का आह्वान
रोहतक, गिरीश सैनी। विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी। आज के विद्यार्थी ही भविष्य में देश की विकास यात्रा का नेतृत्व करेंगे। यह बात पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने सोमवार को गांव भालौठ में आयोजित मानव रंगोली कार्यक्रम में कही। कार्यक्रम का आयोजन सेवा संकल्प अभियान के तहत किया गया।
पूर्व मंत्री ग्रोवर ने कहा कि जब आज के विद्यार्थी 20 से 30 वर्ष की आयु में पहुंचेंगे, तब भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी। इसलिए उन्हें अभी से राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वदेशी उत्पाद अपनाने और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दैनिक जीवन में स्वदेशी को प्राथमिकता देकर प्रत्येक नागरिक देश की प्रगति में योगदान दे सकता है।
विद्यार्थियों द्वारा तैयार आकर्षक मानव रंगोली की सराहना करते हुए ग्रोवर ने उनकी रचनात्मकता, प्रतिभा और मेहनत को सराहा। उन्होंने स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों के प्रयासों की भी प्रशंसा की।
एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत मनीष ग्रोवर सहित अन्य अतिथियों ने स्कूल परिसर में पौधारोपण किया। जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक ने अतिथियों का स्वागत किया।

Girish Saini

