कार्यशाला में प्रख्यात साउंड डिजाइनर टेनी सिखा रहे सुपवा के छात्रों को साउंड डिजाइन के गुर

कार्यशाला में प्रख्यात साउंड डिजाइनर टेनी सिखा रहे सुपवा के छात्रों को साउंड डिजाइन के गुर

रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा), रोहतक के फिल्म एंड टेलीविजन (एफटीवी) फैकल्टी के विद्यार्थी 12 दिवसीय कार्यशाला में प्रख्यात साउंड डिजाइनर अभिजीत टेनी रॉय से फिल्मों का साउंड डिजाइन करना सीख रहे हैं।

ऑडियोग्राफी विभाग के एचओडी देबाशीष रे ने बताया कि देवदास, शिकारा, द वायलिन प्लेयर आदि फिल्मों के साउंड डिजाइनर के तौर पर पहचाने जाने वाले अभिजीत टेनी रॉय सुपवा में ऑडियोग्राफी, एडिटिंग व डायरेक्शन के छठे सेमेस्टर के छात्रों को साउंड डिजाइन, डबिंग व री-रिकॉर्डिंग के तकनीकी व रचनात्मक पहलुओं की जानकारी दे रहे हैं। इस कार्यशाला का उद्देश्य छात्रों को प्रायोगिक प्रशिक्षण व फिल्म इंडस्ट्री का वास्तविक अनुभव प्रदान करना है, ताकि वे सिनेमा में ध्वनि की महत्वपूर्ण भूमिका को बेहतर ढंग से समझ सकें।

कुलपति डॉ अमित आर्य ने कहा कि विवि प्रशासन का निरंतर प्रयास है कि फिल्म इंडस्ट्री से एक्सपर्ट बुलाकर छात्रों को बेहद कुशल पेशेवर के रूप में तैयार किया जाए। इस तरह की कार्यशाला अकादमिक शिक्षा और फिल्म इंडस्ट्री के बीच की दूरी को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होती हैं। कुलपति डॉ आर्य ने कहा कि ऐसी कार्यशालाएं छात्रों को फिल्म इंडस्ट्री की डिमांड, तकनीक आदि व्यवहारिक जानकारी पढ़ाई के दौरान ही उपलब्ध करवाती है।

एफटीवी फैकल्टी के एफसी महेश टीपी ने बताया कि एफटीआईआई, पुणे के पूर्व छात्र रहे अभिजीत टेनी रॉय ने भारतीय फिल्म उद्योग के चर्चित चेहरे इलैयाराजा, विधु विनोद चोपड़ा, संजय लीला भंसाली, रितुपर्णो घोष, एआर रहमान, इस्माइल दरबार, अनु मलिक, प्रीतम आदि के साथ काम किया है। 25 वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ टेनी फिल्म साउंड डिजाइन, मिक्सिंग, म्यूजिक रिकॉर्डिंग, मास्टरिंग, लाइव साउंड इंजीनियरिंग व ऑडियो इंजीनियरिंग के एक्सपर्ट हैं।