रेडक्रॉस समिति करेगी पांच हजार वालंटियर तैयार

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जिला में सिविल डिफेंस टीम तैयार करने के निर्देश दिए।

रेडक्रॉस समिति करेगी पांच हजार वालंटियर तैयार

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के प्रधान सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला में स्कूलों व कॉलेजों से 5 हजार वालंटियर तैयार किये जाये। समिति द्वारा जिला में सिविल डिफेंस की टीम तैयार की जाए तथा रक्तदान शिविरों की संख्या बढ़ाई जाए ताकि सभी जरूरतमंद व्यक्तियों को रक्त उपलब्ध करवाया जा सके।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जिला रेडक्रॉस सोसायटी की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कहा कि जिला में स्कूलों व कॉलेजों से लगभग 5 हजार वालंटियर तैयार किये जाये। समिति द्वारा स्कूल व कॉलेजों में विद्यार्थियों को प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण दिया जाये। महिला एवं बाल विकास विभाग की मदद से स्लम एरिया में युवाओं की पहचान कर उन्हें होम नर्सिंग का प्रशिक्षण दिया जाये।

उपायुक्त ने कहा कि जिला में सिविल डिफेंस की टीम तैयार की जाए ताकि आवश्यकता अनुसार उनकी सेवाएं ली जा सके। गुरुग्राम स्थित सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन मोहित शर्मा को इस संदर्भ में दिशा-निर्देश दिये गए। अधिक से अधिक नागरिकों को नागरिक सुरक्षा कार्यक्रम से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है तथा उन्हें प्रशिक्षण भी दिलवाया जायेगा। सिविल डिफेंस टीम तैयार करने का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए तैयार करना है।

उपायुक्त ने कहा कि समिति द्वारा गैर सरकारी संगठनों के साथ मिलकर रक्तदान शिविरों की संख्या बढ़ाई जाये। समिति द्वारा पार्क इत्यादि में बुजुर्गों के बीपी, शुगर इत्यादि के टेस्ट निरंतर करवाये जाये। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि रेडक्रॉस समिति के संसाधनों का सही तरीके से रखरखाव करें तथा समिति के भवनों व भूमि इत्यादि का पूर्ण विवरण तैयार करें। उन्होंने समिति की आय व खर्च की भी समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने समिति द्वारा संचालित कुष्ठ आश्रम के भवन का रखरखाव करने के भी निर्देश दिए। इस दौरान समिति के सचिव विकास, गुरुग्राम सिविल डिफेंस के मुख्य वार्डन मोहित शर्मा, समिति के जिला प्रशिक्षण प्रभारी रविदत्त, लेखाकार आशीष खासा व अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।