प्रो. विजय कुमार ने संभाला जीजेयू के कुलपति का कार्यभार, दिया 5सी-3डी का मंत्र
हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के नवनियुक्त कुलपति प्रो. विजय कुमार ने रविवार को कार्यभार संभाल लिया। पद संभालने के बाद शिक्षकों, अधिकारियों और गैर शिक्षक कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने विवि के विकास के लिए 5सी और 3डी का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि सभी को उसी उत्साह से काम करना चाहिए, जिस उत्साह के साथ नौकरी के पहले दिन काम शुरू किया था।
प्रो. विजय कुमार ने कहा कि क्रिएटिविटी, कंपीटेंसी, कम्पैशन, कैरेक्टर और कॉन्शियसनेस को कार्यशैली का हिस्सा बनाना होगा। इन पांच सी के जरिए डायरेक्शन, डिसिप्लिन और डिलीवरी के तीन डी हासिल किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के व्यक्तिगत चरित्र के साथ उनमें राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करनी होगी।
उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच के साथ टीम भावना से काम करने पर विवि शोध, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में नई ऊंचाइयां हासिल करेगा। उन्होंने नियुक्ति के लिए हरियाणा सरकार का आभार जताते हुए कहा कि सरकार की अपेक्षाओं को पूरी निष्ठा से पूरा करेंगे।
इससे पहले उन्होंने गुरु जम्भेश्वर महाराज की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। पूर्व कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने उन्हें कार्यभार सौंपा। स्वागत सभा का संचालन कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने किया।
उल्लेखनीय है कि प्रो. विजय कुमार को उच्च शिक्षा क्षेत्र में 23 वर्षों का अनुभव है। वे इंदिरा गांधी विवि में प्रोफेसर, एलएन हिंदू कॉलेज के प्राचार्य और आईकेजी पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी में कुलसचिव रह चुके हैं। सॉलिड स्टेट डिवाइस, सोलर सेल और नैनोटेक्नोलॉजी उनके विशेषज्ञता क्षेत्र हैं। उनके 105 शोधपत्र प्रकाशित हो चुके हैं और ऑस्ट्रेलियन इनोवेशन पेटेंट भी फाइल हो चुका है।

Girish Saini 

