प्रो. मिलाप पुनिया ने संभाला एमडीयू कुलपति का पदभार
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध और विकसित भारत 2047 के विजन पर रहेगा विशेष फोकस।
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू को शैक्षणिक उत्कृष्टता और वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने के संकल्प के साथ प्रख्यात शिक्षाविद प्रो. मिलाप पुनिया ने सोमवार को विवि के कुलपति पद का कार्यभार संभाल लिया।
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू), नई दिल्ली के स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज के सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ रीजनल डेवलपमेंट के प्रोफेसर एवं पूर्व चेयरपर्सन रह चुके प्रो. पुनिया क्षेत्रीय विकास, रिमोट सेंसिंग और भौगोलिक सूचना प्रणाली (जीआईएस) के विशेषज्ञ माने जाते हैं।
पदभार ग्रहण करने के बाद कुलपति प्रो. मिलाप पुनिया ने कहा कि ये उनके लिए गर्व और जिम्मेदारी का क्षण है। उन्होंने महान समाज सुधारक स्वामी दयानंद को नमन करते हुए कहा कि विकसित भारत 2047 के विजन के अनुरूप एमडीयू को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने विवि में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध को बढ़ावा, समावेशी वातावरण, विद्यार्थियों के समग्र विकास और शिक्षकों के व्यावसायिक उन्नयन पर विशेष जोर देने की बात कही।
कुलपति ने विवि के सभी हितधारकों से सहयोग, नवाचारपूर्ण विचार और सक्रिय भागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि एमडीयू की विकास यात्रा को मिलकर आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक पारदर्शिता, डिजिटल नवाचार और उद्योग-शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा देने पर फोकस किया जायेगा, ताकि विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख शिक्षा मिल सके और विवि राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर सके।
एमडीयू पहुंचने पर विवि अधिकारियों, शिक्षकों, गैर शिक्षक कर्मियों और विद्यार्थियों ने कुलपति प्रो. मिलाप पुनिया का पुष्पगुच्छ भेंट कर हार्दिक अभिनंदन किया। कुलपति ने शिक्षकों, गैर शिक्षक कर्मियों के साथ संवाद के दौरान विवि विकास यात्रा में अपनी महती भागीदारी और योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो एस.सी. मलिक, सहित शिक्षक, गैर शिक्षक कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।

Girish Saini 

