पुलिस स्मृति दिवसः रोहतक में शहीद जवानों को नमन, परिजनों का सम्मान
आईजी हामिद अख्तर बोले, जवानों की शहादत कभी भुलाई नहीं जा सकती; एसपी ने ईमानदारी से कर्तव्य निभाने का दिया संदेश
रोहतक, गिरीश सैनी। पुलिस स्मृति दिवस पर रोहतक पुलिस लाइन में शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पुलिस महानिरीक्षक हामिद अख्तर मुख्य अतिथि रहे, जबकि पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने समारोह की अध्यक्षता की। अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, सेवानिवृत्त अधिकारियों और शहीदों के परिजनों ने पुष्प अर्पित कर वीर जवानों को नमन किया। शहीदों के परिवारों को सम्मानित भी किया गया।
आईजी हामिद अख्तर ने कहा कि कर्तव्य निभाते हुए प्राण न्योछावर करने वाले जवानों की शहादत कभी भुलाई नहीं जा सकती। पुलिसकर्मी अपनी जान जोखिम में डालकर 24 घंटे समाज की सुरक्षा में जुटे रहते हैं। उनसे प्रेरणा लेकर ईमानदारी और निष्ठा से कर्तव्य निभाना चाहिए।
एसपी गौरव राजपुरोहित ने बताया कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग में चीनी सैनिकों के हमले में शहीद हुए पुलिसकर्मियों की स्मृति में हर साल यह दिवस मनाया जाता है।
समारोह में देशभर में एक सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक शहीद हुए 154 पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई। पुलिस गार्द ने शोक सलामी दी और दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को नमन किया।

Girish Saini

