पीएम मोदी की 17 जुलाई की जनसभा विकसित भारत के नए अध्याय की शुरुआतः कैप्टन अभिमन्यु

पीएम मोदी की 17 जुलाई की जनसभा विकसित भारत के नए अध्याय की शुरुआतः कैप्टन अभिमन्यु

जींद/रोहतक, गिरीश सैनी। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हरियाणा से रिश्ता केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि भावनात्मक, विकासोन्मुखी और दूरदर्शी नेतृत्व का प्रतीक रहा है। एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 में रेवाड़ी में आयोजित सैनिक सम्मान रैली से लेकर 17 जुलाई, 2026 को जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के शुभारंभ तक हर महत्वपूर्ण पड़ाव ने हरियाणा को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का कार्य किया है। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मीडिया कोऑर्डिनेटर अशोक छाबड़ा, प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी शमशेर खरक, प्रदेश आईटी सेल प्रमुख विकास सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि 15 सितंबर, 2013 को रेवाड़ी में आयोजित सैनिक सम्मान रैली के मंच से पीएम मोदी ने वन रैंक, वन पेंशन (ओआरओपी) का संकल्प दोहराया था, जिसे बाद में उनकी सरकार ने लागू कर पूर्व सैनिकों को सम्मान दिया। वहीं, 22 जनवरी, 2015 को पानीपत से शुरू बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान पूरे देश में महिला सशक्तिकरण का एक सफल जनआंदोलन बन चुका है। 24 अप्रैल, 2022 को कुरुक्षेत्र में श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्र की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित कर यह संदेश दिया कि नया भारत अपनी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का सम्मान करते हुए आगे बढ़ रहा है।

कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि हिसार स्थित महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट को आधुनिक एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से जोड़ने का कार्य केवल एक हवाई अड्डे का विस्तार नहीं, बल्कि पश्चिमी हरियाणा की अर्थव्यवस्था, उद्योग, निवेश और रोजगार को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि अब 17 जुलाई, 2026 को जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ प्रधानमंत्री के हरित, आधुनिक और आत्मनिर्भर भारत के विजन का नया अध्याय सिद्ध होगा। ये केवल रेलवे परियोजना नहीं, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा, ग्रीन मोबिलिटी और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। दो नए मेडिकल कॉलेज केवल भवन नहीं, बल्कि हजारों युवाओं के लिए मेडिकल शिक्षा के अवसर और लाखों परिवारों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का मजबूत आधार बनेंगे।

उन्होंने कहा कि आज हरियाणा एक्सप्रेसवे, रेलवे नेटवर्क, एयरपोर्ट, मेडिकल शिक्षा, औद्योगिक कॉरिडोर और ग्रीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। 17 जुलाई की जनसभा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं होगी, बल्कि विकसित हरियाणा और विकसित भारत के संकल्प का सार्वजनिक उत्सव बनेगी।