पीएम मोदी जींद की धरती से देश को हरित ऊर्जा और आधुनिक रेलवे तकनीक की नई सौगात देंगेः राज्य सूचना आयुक्त कर्मवीर सैनी
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के राज्य सूचना आयुक्त कर्मवीर सैनी ने कहा कि आगामी 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद की धरती से एशिया की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर देश को हरित ऊर्जा और आधुनिक रेलवे तकनीक की नई सौगात देंगे।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की घोषणा के अनुसार यह रैली पूर्ण रूप से इको-फ्रेंडली होगी। सूचना आयुक्त कर्मवीर सैनी रविवार को सफीदों के वीर भवन में पीएम मोदी की 17 जुलाई की प्रस्तावित जींद रैली में अधिकाधिक जन भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे।
राज्य सूचना आयुक्त सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा के सम्मान और विकास से जुड़ा आयोजन है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सामाजिक रूप से भी इस ऐतिहासिक अवसर का सहभागी बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा विकास के नए युग में प्रवेश कर चुका है। राज्य में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जा रहे हैं तथा सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पारदर्शी ढंग से पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने सूचना के अधिकार (आरटीआई) अधिनियम का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सूचना आयोग प्रत्येक नागरिक को समयबद्ध सूचना उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सूचना देने में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Girish Saini 


