पीएम मोदी 17 जुलाई को हरियाणा को देंगे हजारों-करोड़ों की सौगातः कैबिनेट मंत्री बेदी
इको फ्रेंडली होगी पीएम की रैली।
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा है कि 17 जुलाई को प्रदेश में विकास के नये युग का श्रीगणेश होगा। इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से देश की पहली हाइड्रोजन संचालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री करोड़ों रूपए की अन्य विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने वीरवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एकलव्य स्टेडियम के सामने ग्राउंड में एक विशाल जनसभा को सम्बोधित करेंगे और वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के लिए भी विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शुभारम्भ करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री भिवानी एवं नारनौल में नवनिर्मित दो बडे़ श्रीराम मेडिकल कॉलेजों का उद्घाटन करेंगे, साथ ही 10 किलोमीटर लम्बे कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का शुभारंभ करेंगे। इस ट्रैक के बनने से क्षेत्रवासियों को करीब आधा दर्जन रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम से निजात मिलेगी।
मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने बताया कि प्रधानमंत्री अम्बाला-काला अंब-ग्रीनफील्ड फोरलेन कॉरिडोर का विस्तार, दिल्ली-कटरा एक्सप्रेस-वे के हरियाणा खंड का उद्घाटन, जींद गोहाना एन-एच 352ए, हांसी-बरवाला फोरलेन तथा बीकानेर-सिवानी-सोनीपत सड़क परियोजनाओं के विस्तार और कुरूक्षेत्र में अत्याधुनिक सिख म्यूजियम का शिलान्यास भी करेंगे। इन सभी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास जींद में प्रस्तावित जनसभा से ही वर्चुअल माध्यम से किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की ये रैली इको फ्रेंडली होगी। इस दौरान मुख्यमंत्री के मीडिया कॉर्डिनेटर अशोक छाबड़ा, प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी, सह मीडिया प्रभारी शमशेर खरक सहित अय पदाधिकारी मौजूद रहे।
Girish Saini 


