पीएम मोदी जींद से हाइड्रोजन रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर करेंगे ग्रीन मोबिलिटी के नए युग की शुरुआतः ओपी धनखड़

हरियाणा विकास के सशक्त मॉडल के रूप में उभरा।

पीएम मोदी जींद से हाइड्रोजन रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर करेंगे ग्रीन मोबिलिटी के नए युग की शुरुआतः ओपी धनखड़

जींद/रोहतक, गिरीश सैनी। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से प्रस्तावित हाइड्रोजन रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर भारत की स्वच्छ ऊर्जा, हरित परिवहन और आधुनिक तकनीक की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम का शुभारंभ करेंगे। एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ये आयोजन विकसित भारत के संकल्प का राष्ट्रीय प्रतीक बनेगा तथा देश की ग्रीन एनर्जी यात्रा को नई गति देगा। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मीडिया कोऑर्डिनेटर अशोक छाबड़ा, प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी शमशेर सिंह खरक सहित अन्य पदाधिकारी व मीडिया टीम के सदस्य मौजूद रहे।

धनखड़ ने कहा कि लगभग 1,200 हॉर्स पावर क्षमता वाली स्वदेशी हाइड्रोजन ट्रेन आधुनिक तकनीक, आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी नवाचार का प्रतीक है। आज जब पूरी दुनिया कार्बन उत्सर्जन में कमी और स्वच्छ ऊर्जा की ओर अग्रसर है, तब पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत ग्रीन हाइड्रोजन, अक्षय ऊर्जा और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, पीएम गति शक्ति और आत्मनिर्भर भारत जैसी पहलों ने देश को विनिर्माण, नवाचार और निवेश का प्रमुख केंद्र बनाया है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और हरियाणा की डबल इंजन सरकार ने किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत हरियाणा के किसानों के खातों में 24,500 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे हस्तांतरित की जा चुकी है। प्रदेश में 24 फसलों की एमएसपी पर खरीद, फसल खराबे पर प्रत्यक्ष मुआवजा, ड्रोन तकनीक, सूक्ष्म सिंचाई और आधुनिक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देकर खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। साथ ही डिजिटल सेवाओं, सशक्त पंचायतों और ग्रामीण विकास योजनाओं से गांवों में व्यापक बदलाव आया है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में अपराध और भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। कानून का राज स्थापित करना और आम नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बिना पर्ची–बिना खर्ची की पारदर्शी भर्ती व्यवस्था ने युवाओं का विश्वास मजबूत किया है।