पीटीसी में योग प्रशिक्षण प्रोटोकॉल कार्यक्रम में जवानों ने किया योगाभ्यास

प्रशिक्षकों ने योग को नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

पीटीसी में योग प्रशिक्षण प्रोटोकॉल कार्यक्रम में जवानों ने किया योगाभ्यास

रोहतक, गिरीश सैनी। पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (पीटीसी), सुनारिया में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में हरियाणा योग आयोग द्वारा आयोजित पांच दिवसीय योग प्रशिक्षण प्रोटोकॉल कार्यक्रम के चौथे दिन सोमवार को अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रशिक्षणार्थियों समेत लगभग 1400 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

डीआईजी, पीटीसी, सुनारिया मनबीर सिंह (आईपीएस) के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में बतौर विशेषज्ञ, हरियाणा योग आयोग के रजिस्ट्रार डॉ. राजकुमार आर्य ने शिरकत की। उन्होंने अपनी टीम के सदस्यों डॉ. पूजा (योग स्पेशलिस्ट, आयुष विभाग रोहतक), जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. सतपाल, डॉ सुमन सहरावत (डिस्ट्रिक्ट योगा कॉर्डिनेटर) तथा योग सहायक नीलम, इंदु सत्यवान एवं अमित के साथ प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास करवाया। इसके साथ ही, योग के फायदों व उसकी बारीकियों से भी अवगत कराया। 

डॉ. राजकुमार आर्य ने प्रतिभागियों को सूक्ष्म व्यायाम के माध्यम से शरीर के अंगों की लचक बढ़ाने वाले अभ्यास करवाए। इसके बाद विभिन्न प्रकार के आसन तथा प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य सुधरता है, बल्कि मानसिक एकाग्रता और आत्मबल भी बढ़ता है। 

बतौर विशेष अतिथि, हरियाणा योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के संरक्षक बाबा राजनाथ ने योग का महत्व बताते हुए सभी को योग को नियमित रूप से जीवन चर्या में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग है। 

पीटीसी, सुनारिया के उप पुलिस अधीक्षक कुलबीर सिंह (हपुसे) ने सभी अतिथि प्रशिक्षकों का स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिन्ह स्वरूप पौधे भेंट किए। उन्होंने बताया कि हरियाणा योग आयोग की पहल के तहत इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेशभर में योग को जन-जन तक पहुंचाना और उसे स्वस्थ जीवन की आधारशिला बनाना है।