गुरु का मार्गदर्शन ही गढ़ता है बेहतर चिकित्सकः कुलपति डॉ. अग्रवाल
पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री विभाग में हर्षोल्लास से मनाया शिक्षक दिवस।
रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि के कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने शिक्षक दिवस पर सभी शिक्षकों, चिकित्सकों और फैकल्टी सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता हैं और चिकित्सा शिक्षा में उनकी भूमिका केवल पढ़ाने तक सीमित नहीं है। वे विद्यार्थियों में संवेदनशीलता, प्रोफेशनल एथिक्स और मरीज-केंद्रित देखभाल के संस्कार विकसित करते हैं।
अपने संदेश में कुलपति डॉ. अग्रवाल ने कहा कि पीजीआईएमएस और पीजीआईडीएस में शिक्षक शिक्षण के साथ मरीजों की सेवा, शोध और प्रशासनिक कार्यों में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उनके मार्गदर्शन से विद्यार्थियों में बेहतर क्लिनिकल निर्णय क्षमता, नैतिकता और सेवा भावना विकसित होती है।
पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेज (पीजीआईडीएस) के पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री विभाग में आयोजित शिक्षक दिवस समारोह की शुरुआत केक काटकर हुई। विद्यार्थियों ने शिक्षकों को उपहार भेंट कर उनके मार्गदर्शन और योगदान के प्रति आभार जताया।
विभागाध्यक्ष डॉ. मंजूनाथ बी.सी. ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवनभर शिक्षार्थी बने रहना चाहिए और आत्मसंतुष्टि से बचना चाहिए। ज्ञान असीमित है, इसलिए अपने सीनियर्स, सहकर्मियों और अनुभवों से लगातार सीखते रहना जरूरी है। उन्होंने कहा कि हेल्थकेयर प्रोफेशनल की जिम्मेदारी मरीजों की देखभाल तक सीमित नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा भी है।
इस दौरान डॉ. आदर्श, डॉ. विपुल, डॉ. भावना, डॉ. कल्पना सहित फैकल्टी सदस्य, पीजी विद्यार्थी, इंटर्न और फाइनल ईयर बीडीएस विद्यार्थी मौजूद रहे।

Girish Saini 

