हंगरी-जर्मनी में पढ़ाई और करियर अवसरों की जानकारी के लिए जीजेयू में 14-15 सितंबर को ऑनलाइन वेबिनार
स्कॉलरशिप, वीजा और पोस्ट-स्टडी जॉब की मिलेगी जानकारी
हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के वर्तमान एवं पूर्व विद्यार्थियों को हंगरी और जर्मनी में उच्च शिक्षा व करियर के अवसरों की जानकारी देने के लिए 14 और 15 सितंबर को विशेष ऑनलाइन वेबिनार आयोजित किए जाएंगे। डीन, अंतर्राष्ट्रीय मामलों के कार्यालय द्वारा ईयूईआईसी के सहयोग से आयोजित इन कार्यक्रमों में विदेशी विश्वविद्यालयों में प्रवेश, छात्रवृत्ति, वीजा, पार्ट-टाइम रोजगार और पढ़ाई के बाद करियर विकल्पों पर विशेषज्ञ जानकारी देंगे।
कुलपति प्रो. विजय कुमार ने कहा कि वैश्विक प्रतिस्पर्धा के दौर में विद्यार्थियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध शिक्षा और रोजगार के अवसरों की जानकारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विवि विद्यार्थियों को वैश्विक शिक्षा एवं करियर विकल्पों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है और इन वेबिनार से उन्हें विदेश में अध्ययन व करियर की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी।
अंतर्राष्ट्रीय मामलों के अधिष्ठाता प्रो. ओ.पी. सांगवान ने बताया कि 14 सितंबर को हंगरी में उच्च शिक्षा एवं करियर पर वेबिनार होगा। डेनिस गैबोर यूनिवर्सिटी के साथ साझेदारी के तहत आयोजित कार्यक्रम में योग्य मास्टर्स आवेदकों के लिए 100 प्रतिशत तक स्कॉलरशिप, आईईएलटीएस के बिना प्रवेश, पढ़ाई के दौरान पार्ट-टाइम काम और पढ़ाई के बाद रोजगार के अवसरों की जानकारी दी जाएगी। इरासमस प्लस, बीआईपी, सेमेस्टर एक्सचेंज और समर प्रोग्राम जैसी मोबिलिटी योजनाओं पर भी जानकारी दी जाएगी।
15 सितंबर को जर्मनी में उच्च शिक्षा एवं करियर के अवसरों पर वेबिनार होगा। एचडीडब्ल्यूएम यूनिवर्सिटी, मैनहेम के सहयोग से होने वाले इस कार्यक्रम में बीबीए, एमबीए और छह माह के एमबीए टॉप-अप कार्यक्रमों के साथ वीजा, रेजिडेंस, स्कॉलरशिप, जीवन-यापन खर्च तथा पढ़ाई के बाद 18 माह तक के पोस्ट-स्टडी वर्क परमिट की जानकारी विशेषज्ञ साझा करेंगे।

Girish Saini

