अनुसूचित जाति के किसानों को अनुदान पर ट्रैक्टर देने के लिए ऑनलाइन ड्रा आयोजित
रोहतक, गिरीश सैनी। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा वर्ष 2025-26 के दौरान एसबी-89 योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति के किसानों को 45 हॉर्स पावर या अधिक क्षमता के ट्रैक्टर पर अनुदान उपलब्ध कराने के लिए उप-मंडल अधिकारी (ना.) आशीष कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कार्यकारी समिति द्वारा ऑनलाइन ड्रा निकाला गया। कुल 9 अनुसूचित जाति के किसानों का चयन ऑनलाइन ड्रॉ के माध्यम से किया गया। ड्रा प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए संपूर्ण कार्यवाही की वीडियोग्राफी भी करवाई गई।
उप-मंडल अधिकारी आशीष कुमार ने कहा कि कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से जिला में कुल 164 आवेदकों की सूची ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त हुई थी, जबकि जिला को 9 ट्रैक्टर अनुदान पर देने का लक्ष्य प्राप्त हुआ था। इसी के अनुरूप पात्र लाभार्थी किसानों का चयन ऑनलाइन ड्रॉ के माध्यम से किया गया। उन्होंने चयनित किसानों को निर्देश दिए कि वे अपने सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे ऑनलाइन आवेदन की स्लिप, अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र, फैमिली आईडी, मेरी फसल मेरा ब्यौरा पंजीकरण, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक खाते की प्रति तथा जमीन की पटवारी रिपोर्ट सहायक कृषि अभियंता, रोहतक कार्यालय में शीघ्र जमा करवाएं। चयनित प्रत्येक किसान को ट्रैक्टर पर 3 लाख रुपये का अनुदान प्रदान किया जाएगा।
इस दौरान सहायक कृषि अभियंता विकास कुमार, जिला उद्यान अधिकारी मदन लाल, एलडीएम पीएनबी महावीर प्रसाद, उप मंडल कृषि अधिकारी संदीप सिंह, विषय विशेषज्ञ हरीश कुमार, केवीके की वैज्ञानिक डॉ. मीनाक्षी सांगवान सहित संबंधित अधिकारी एवं आवेदक किसान मौजूद रहे।

Girish Saini 

