एसएमएएम योजना के तहत कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए ऑनलाइन ड्रा 21 जुलाई कोः डीसी सचिन गुप्ता

एसएमएएम योजना के तहत कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए ऑनलाइन ड्रा 21 जुलाई कोः डीसी सचिन गुप्ता

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आरकेवीवाई घटक की एसएमएएम योजना 2026-27 के तहत कृषि यंत्रों पर अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों में पात्र लाभार्थियों के चयन के लिए 21 जुलाई को प्रातः 11 बजे स्थानीय लघु सचिवालय स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंस हॉल (कमरा नंबर-103) में ऑनलाइन ड्रा आयोजित किया जाएगा। यह ड्रा अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कार्यकारी समिति द्वारा संपन्न कराया जाएगा।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि योजना के तहत कृषि यंत्रों पर अनुदान प्राप्त करने के लिए 16 फरवरी 2026 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। विभाग द्वारा प्राप्त सभी आवेदनों की नियमानुसार जांच की जा चुकी है तथा पात्र आवेदकों का चयन पूरी पारदर्शिता के साथ ऑनलाइन ड्रा के माध्यम से किया जाएगा। एसएमएएम योजना 2026-27 के अंतर्गत कुल 25 प्रकार के कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। निदेशालय के निर्देशानुसार सामान्य श्रेणी के जिन किसानों ने अपने आवेदन में लेजर लैंड लेवलर तथा रोटावेटर को प्रथम प्राथमिकता नहीं दी है, उनके सभी पात्र आवेदनों को अनुदान के लिए स्वीकार कर लिया गया है, बशर्ते वे योजना की सभी शर्तों एवं नियमों को पूरा करते हों।

उन्होंने बताया कि इसी प्रकार अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों द्वारा किसी भी कृषि यंत्र के लिए किए गए सभी पात्र आवेदनों को भी अनुदान के लाभ के लिए स्वीकार किया गया है, यदि वे योजना की निर्धारित पात्रता एवं शर्तों को पूरा करते हैं। किसान योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए सहायक कृषि अभियंता, रोहतक अथवा उप कृषि निदेशक, रोहतक कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

सहायक कृषि अभियंता विकास कुमार ने बताया कि सामान्य श्रेणी के जिन किसानों ने आवेदन में लेजर लैंड लेवलर एवं रोटावेटर को प्रथम प्राथमिकता दी है, उनमें से लाभार्थियों का चयन जिला स्तरीय कार्यकारी समिति द्वारा ऑनलाइन ड्रा के माध्यम से किया जाएगा। रोहतक जिले को लेजर लैंड लेवलर के लिए 342 तथा रोटावेटर के लिए 470 लाभार्थियों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इसके अतिरिक्त कुल लक्ष्य का 25 प्रतिशत प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) भी तैयार की जाएगी।