एसएमएएम योजना के तहत कृषि यंत्रों के लिए ऑनलाइन ड्रा संपन्नः एडीसी नरेंद्र कुमार
रोहतक, गिरीश सैनी। अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (आरकेवीवाई) के घटक सब-मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन (एसएमएएम) योजना के अंतर्गत कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए लाभार्थियों के चयन हेतु ऑनलाइन ड्रा (ड्रा ऑफ लॉट्स) की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से सम्पन्न की गई।
अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा कि एसएमएएम योजना के तहत जिला के कुल 1,767 किसानों ने ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन किया था। रोटावेटर एवं लेजर लैंड लेवलर कृषि यंत्रों के लिए लाभार्थियों का चयन ऑनलाइन ड्रा ऑफ लॉट्स के माध्यम से किया गया। जिला स्तरीय कार्यकारी समिति की बैठक में यह निर्णय लिया कि अनुसूचित जाति वर्ग के 15 किसानों के कुल 27 आवेदन, विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार (सभी नियम एवं शर्तें पूरी करने की स्थिति में) अनुदान के लिए स्वीकृत किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सामान्य श्रेणी में 1,752 किसानों ने आवेदन किया था। इनमें 960 किसानों ने रोटावेटर तथा 680 किसानों ने लेजर लैंड लेवलर को प्रथम प्राथमिकता दी थी। विभाग को रोटावेटर के लिए 470 तथा लेजर लैंड लेवलर के लिए 342 लक्ष्य प्राप्त हुए थे, जिनके अनुरूप लाभार्थियों का चयन ऑनलाइन ड्रा ऑफ लॉट्स के माध्यम से किया गया। इसके अतिरिक्त कुल लक्ष्यों का 25 प्रतिशत प्रतीक्षा सूची भी तैयार की गई है। उ
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक श्री सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि जिन किसानों का चयन अनुदान के लिए हुआ है, उनके दस्तावेजों की ऑनलाइन जांच कर 27 जुलाई 2026 तक पोर्टल पर स्वीकृति (परमिट) जारी कर दी जाएगी। परमिट जारी होने के बाद किसान पोर्टल से उसे डाउनलोड कर 18 अगस्त 2026 तक संबंधित कृषि यंत्र खरीद सकेंगे।
Girish Saini 


