डीएलसी सुपवा में यूजी कोर्सेज में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन 26 जून तक
छात्रों व अभिभावकों की मदद के लिए एडमिशन हेल्प डेस्क संचालित।
रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा), रोहतक में विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए जारी दाख़िला प्रक्रिया के दौरान विवि पहुंच रहे छात्रों व उनके अभिभावकों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क संचालित किया जा रहा है। इस हेल्प डेस्क पर विभिन्न कोर्स में दाखिले की प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। सुपवा में संचालित यूजी कोर्सेज में ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 26 जून है।
दाख़िले के इच्छुक छात्रों व उनके अभिभावकों को दाख़िला प्रक्रिया मेंकिसी भी तरह की दिक्कत से बचाने के लिए ये हेल्प डेस्क बनाया गया है। किसी कारणवश खुद ऑनलाइन आवेदन न कर सकने वाले छात्रों के आवेदन भी यहीं पर कराने का प्रबंध भी किया गया है। हेल्प डेस्क पर प्रत्येक फैकेलटी से दो-दो स्टाफ सदस्य तैनात किए गए हैं, ताकि वे अपनी फैकेलटी व इसके तहत चल रहे विभागों की संपूर्ण जानकारी प्रदान कर सकें।
सोमवार को डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ अजय कौशिक व विजुअल आर्ट्स फैकल्टी के एफसी विनय कुमार ने हेल्प डेस्क का दौरा किया और मौजूद स्टाफ सदस्यों को टिप्स भी दिए।
डॉ अजय कौशिक ने बताया कि हेल्प डेस्क सुबह 9 से शाम 5 बजे तक कार्यरत है। इसके अलावा विभिन्न फैकल्टी के बारे में अधिक जानकारी हासिल करने के लिए चार मोबाइल नंबर व चार लैंड लाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। इन नंबरों पर छात्र व अभिभावक दाखिले के संबंध में जानकारी लेने के साथ ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने या फिर फीस जमा कराने के दौरान आने वाली किसी भी समस्या के बारे में बात कर सकते हैं।
कुलपति डॉ अमित आर्य के निर्देशानुसार दाख़िला प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित किया जा रहा है।

Girish Saini 

