योजनाओं की हकीकत जाननी है तो गांवों तक पहुंचें अधिकारीः एचआईआरडी निदेशक डॉ. चौहान

योजनाओं की हकीकत जाननी है तो गांवों तक पहुंचें अधिकारीः एचआईआरडी निदेशक डॉ. चौहान

नीलोखेड़ी/करनाल, गिरीश सैनी। हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा है कि सरकारी नीतियों और योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए अधिकारियों को उनके धरातलीय क्रियान्वयन की समझ होना जरूरी है। केवल कार्यालयीन प्रक्रियाओं का ज्ञान पर्याप्त नहीं है। वे सचिवालय प्रशिक्षण एवं प्रबंधन संस्थान, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में सहायक अनुभाग अधिकारियों के लिए आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

निदेशक डॉ. चौहान ने कहा कि योजनाओं का प्रभाव समझने के लिए अधिकारियों को गांवों में जाकर लाभार्थियों से संवाद करना चाहिए और मौके पर योजनाओं की स्थिति देखनी चाहिए। इससे अधिकारियों में संवेदनशीलता, जवाबदेही और समस्याओं के व्यावहारिक समाधान की क्षमता विकसित होगी। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से प्रशिक्षण में मिले ज्ञान को अपने कार्यक्षेत्र में लागू करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम समन्वयक डॉ. वजीर सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न विषयों की जानकारी देने के साथ एक्सपोजर विजिट भी करवाई जाएगी। प्रशिक्षणार्थी भादसो गांव में ग्रामीणों से केंद्र सरकार की योजनाओं को लेकर संवाद करेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के धरातलीय क्रियान्वयन का मौके पर अवलोकन करेंगे।

सचिवालय प्रशिक्षण एवं प्रबंधन संस्थान के रोशन कुमार मिश्रा ने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली चुनौतियों को कक्षा के बजाय गांवों में प्रत्यक्ष अनुभव करना प्रशिक्षण का अहम हिस्सा है।

इस दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण विकास संस्थान से गुरविंदर सिंह,  बंटी, कुलदीप, ऋतिक राज, सलमान, श्यामलाल, रेनू, सुनीता, विशाल, शिवम राजपूत, आयुषी, हिमांशु, शुभम सिंह राजपूत सहित अधिकारी एवं कर्मचारी व प्रतिभागी मौजूद रहे।