वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सुपवा कन्या छात्रावास में नए सत्र का शुभारंभ
रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) के अहिल्याबाई होल्कर गर्ल्स हॉस्टल में शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नए सत्र का शुभारंभ हुआ। इस दौरान कृष्ण देव शास्त्री द्वारा विधि-विधान से आयोजित हवन-यज्ञ में शिक्षकों, गैर-शिक्षक कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने आहुतियां डाली।
बतौर मुख्य यजमान, कुलपति डॉ. अमित आर्य ने यज्ञ संपन्न करवाया। हवन-यज्ञ उपरांत उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, बेहतर स्वास्थ्य और शैक्षणिक प्रगति की कामना की।
कुलपति डॉ. आर्य ने कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे महत्वपूर्ण पूंजी है, जिसका कभी बंटवारा नहीं हो सकता। शिक्षा और अनुशासन के बल पर छात्राएं न केवल अपने जीवन में आगे बढ़ सकती हैं, बल्कि जिम्मेदार नागरिक बनकर देश के विकास में भी योगदान दे सकती हैं। उन्होंने कहा कि हवन-यज्ञ मन को एकाग्र करने और मानसिक बल बढ़ाने में सहायक है।
कार्यक्रम में डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ. अजय कौशिक, एफसी विनय कुमार, महेश टीपी व डॉ. शैली खन्ना, चीफ वार्डन डॉ. सीमा सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Girish Saini

