ग्लोबल जॉब मार्केट में टिकना है तो सीखना कभी न छोड़ें: कुलपति प्रो. विजय कुमार

जीजेयू में इंफोसिस का प्री-प्लेसमेंट सत्र।

ग्लोबल जॉब मार्केट में टिकना है तो सीखना कभी न छोड़ें: कुलपति प्रो. विजय कुमार

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि में बुधवार को ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल की ओर से इंफोसिस के विशेषज्ञ तकनीकी पदों के लिए प्री-प्लेसमेंट चर्चा सत्र आयोजित किया गया। कुलपति प्रो. विजय कुमार ने बतौर मुख्यातिथि विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि दुनिया तेजी से बदल रही है। वैश्विक स्तर पर खुद को साबित करने के लिए युवाओं को लगातार नया सीखना, अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करना और खुद पर विश्वास रखना होगा।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और उन्हें अपने ज्ञान व कौशल का उपयोग समाज व राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए। चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका सामना करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सफलता केवल अच्छी नौकरी हासिल करना नहीं, बल्कि चरित्र और जीवन मूल्यों को मजबूत बनाना भी है।

कुलपति ने बताया कि इंफोसिस और गुजविप्रौवि के बीच मजबूत संबंध हैं। पिछले तीन वर्षों में विवि के 200 से अधिक विद्यार्थियों ने इंफोसिस में प्लेसमेंट हासिल किया है। इस बार भी 200 से अधिक विद्यार्थी ड्राइव में भाग ले रहे हैं।

कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने कहा कि युवा प्रतिभा, कौशल और ऊर्जा को उद्योगों से जोड़कर विकसित भारत के निर्माण में योगदान दे सकते हैं। डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. योगेश चाबा ने विद्यार्थियों से उद्योगों की जरूरत के अनुरूप खुद को तैयार करने का आह्वान किया।

इंफोसिस की सीनियर प्रैक्टिस लीड शान वत्स ने कहा कि हम जॉब ऑफर करने नहीं, करियर बनाने का अवसर देने आए हैं। उन्होंने बताया कि चयनित विद्यार्थियों के लिए 7 से 21 लाख रुपये वार्षिक तक के पैकेज वाली विभिन्न तकनीकी भूमिकाएं उपलब्ध हैं।