दोआबा कॉलेज में राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साह एवं खेल भावना के साथ मनाया गया

दोआबा कॉलेज में राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साह एवं खेल भावना के साथ मनाया गया
दोआबा कॉलेज में आयोजित राष्ट्रीय खेल दिवस में मुख्य मेहमान नितिन कोहली को सम्मानित करते हुए प्रि. डॉ. प्रदीप भण्डारी व स्टाफ । साथ में विभिन्न मुकाबलों में भाग लेते हुए विद्यार्थी ।

जालन्धर, 1 सितम्बर, 2026: दोआबा कॉलेज में महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की स्मृति एवं उनके खेल-जगत में अमूल्य योगदान को नमन करते हुए राष्ट्रीय खेल दिवस बड़े उत्साह और खेल भावना के साथ मनाया गया । इस अवसर पर विद्यार्थियों में खेलों के प्रति समर्पण, अनुशासन, टीम भावना और जुनून को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एनएसएस यूनिट एवं फिजिकल ऐजुकेशन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
     कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्रि. डॉ. प्रदीप भंडारी द्वारा मुख्य अतिथि नितिन कोहली, हल्का ईंचार्ज जालन्धर- सैंटर का स्वागत करने से हुआ। इस अवसर पर डॉ. ओमिंदर जौहल, डॉ. अर्शदीप सिंह, प्रो. नरेश मल्होत्रा तथा प्रो. सुखविंदर भी उपस्थित रहे।
     अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रि. डॉ. प्रदीप भंडारी ने जालंधर में खेलों को बढ़ावा देने के लिए नितिन कोहली द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है और उनकी असाधारण खेल प्रतिभा तथा भारतीय हॉकी में उनके योगदान से आज भी युवा पीढ़ी प्रेरणा प्राप्त करती है। उन्होंने मुख्य अतिथि, विद्यार्थियों, प्रतिभागियों तथा समस्त स्टाफ सदस्यों का हार्दिक स्वागत किया।
     मुख्य अतिथि नितिन कोहली ने विद्यार्थियों के जीवन में खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला । उन्होंने मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए हॉकी के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया। उन्होंने युवाओं को अपने जीवन में खेलों को विशेष महत्व देने के लिए प्रोत्साहित किया और फिर सैंटरल मुहिम का हिस्सा बनने को आहवान किया । 
     कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया, जिनमें रस्सी कूद, पुश-अप्स, सिट-अप्स, रस्साकशी, प्लैंक चैलेंज तथा रिंग गेम प्रमुख रहे।
     रस्सी कूद (छात्रा वर्ग) में विद्यार्थी रिधि  ने प्रथम, हिमांशी  ने द्वितीय तथा सुनेहा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
     पुशअप्स (छात्र वर्ग) में विद्यार्थी जसकरण सिंह ने प्रथम, लवप्रीत विर्दी ने द्वितीय तथा दिलप्रीत ने तृतीय स्थान हासिल किया।
     सिटअप्स (छात्र वर्ग) में विद्यार्थी मनीष, गौरव  तथा आर्यन ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। छात्रा वर्ग में प्रेमा  ने प्रथम, स्नेहा  ने द्वितीय तथा बंधन  ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।     
     प्लैंक चैलेंज (छात्र वर्ग) विद्यार्थी में कृष्ण शर्मा  ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अमर कुमार  ने द्वितीय तथा आशीष ने तृतीय स्थान हासिल किया।
     रिंग गेम में विद्यार्थी तरन ने प्रथम, पलक  ने द्वितीय तथा रोशनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
     छात्रा वर्ग की रस्साकशी प्रतियोगिता में डीसी कॉलिजिएट ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि पीजी डिपार्टमैंट ऑफ टूरिज्म एवं होटल मैनेजमैंट द्वितीय स्थान पर रहा। छात्र वर्ग की रस्साकशी में पीजी डिपार्टमैंट ऑफ आई.टी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि पीजी डिपार्टमैंट ऑफ टूरिज्म एवं होटल मैनेटमैंट उपविजेता रहा।
     प्रतिष्ठित मेजर ध्यान चंद ओवरऑल ट्राफी को संयुक्त रूप से पीजी डिपार्टमैंट ऑफ कम्प्यूटर साईंस एंड आईटी तथा पीजी डिपार्टमैंट ऑफ टूरिज्म एंड होटल मैनेटमैंट को प्रदान किया गया। 
     राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर कॉलेज के विभिन्न विभागों से 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया । 
     अंत में डॉ. अर्शदीप सिंह ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का प्रभावी एवं कुशल संचालन डॉ. प्रिया, डॉ. गुलशन शर्मा, प्रो. साक्षी तथा प्रो. आरती बहल द्वारा किया गया।