जीजेयू और कोड विद्या के बीच हुआ एमओयू
हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि तथा कोड विद्या कंप्यूटर प्रौद्योगिकी अकादमी, फरीदाबाद के बीच एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। ये समझौता शिक्षा, कौशल विकास, अनुसंधान, नवाचार एवं औद्योगिक सहयोग के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोलने वाला एक अहम कदम माना जा रहा है।
इस एमओयू पर जीजेयू की ओर से कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई तथा कोड विद्या अकादमी की ओर से निदेशक अनुपम गुप्ता ने हस्ताक्षर किए। इस दौरान कुलसचिव डा. विजय कुमार, डीन इंटरनेशनल अफेयर्स प्रो. ओम प्रकाश सांगवान, डिप्टी डायरेक्टर डा. प्रियंका सिंगला, प्रिंटिंग टेक्नोलॉजी विभागाध्यक्षा डॉ. वंदना तथा विभाग के इंडस्ट्री रिलेशंस समन्वयक डॉ. बिजेन्द्र कौशिक सहित अन्य मौजूद रहे।
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने दोनों संस्थानों को इस महत्वपूर्ण समझौते के लिए बधाई देते हुए कहा कि ये पहल विद्यार्थियों के कौशल विकास, रोजगार के अवसरों में वृद्धि तथा उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षा प्रदान करने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। कुलसचिव डा. विजय कुमार ने कहा कि इस एमओयू का मूल उद्देश्य शिक्षा जगत और उद्योग जगत के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करना है। एमओयू के अंतर्गत विद्यार्थियों को उद्योग आधारित प्रशिक्षण, लाइव प्रोजेक्ट्स, इंटर्नशिप एवं प्लेसमेंट के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही पाठ्यक्रम विकास में सहयोग, विशेषज्ञ व्याख्यान, कार्यशालाओं, सेमिनारों एवं वेबिनारों का आयोजन तथा फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम के माध्यम से शिक्षकों एवं विद्यार्थियों दोनों को लाभान्वित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, स्किल डेवलपमेंट, अपस्किलिंग, औद्योगिक भ्रमण, छात्र-शिक्षक आदान-प्रदान कार्यक्रम एवं संयुक्त शोध गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। ये समझौता पांच वर्षों की अवधि के लिए प्रभावी रहेगा, जिसे आपसी सहमति से आगे भी बढ़ाया जा सकता है।

Girish Saini 

