सड़क सुरक्षा पर क्विज में 500 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय लाल नाथ हिंदू कॉलेज में यातायात एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, हरियाणा के दिशा-निर्देशन में सड़क सुरक्षा विषय पर कॉलेज स्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न संकायों के 500 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता समन्वयक डॉ. प्रोमिला यादव ने कहा कि युवा अक्सर यातायात नियमों की अनदेखी कर स्वयं के साथ दूसरों की जान भी जोखिम में डाल देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार तनेजा ने कहा कि सड़क हादसों में हर वर्ष बड़ी संख्या में लोगों की जान जाती है। थोड़ी सी लापरवाही कई परिवारों की जिंदगी प्रभावित कर सकती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को यातायात नियमों का पालन करने के साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी। आयोजन में डॉ. रश्मि छाबड़ा, डॉ. अंजू देशवाल, डॉ. चित्रा शर्मा, डॉ. प्रवीण शर्मा, डॉ. सुमित, डॉ. रीना कत्याल, और ज्योति ने सहयोग किया।

Girish Saini 

