मिशन होश - नशा मुक्ति एवं रोकथाम अभियान द्वारा युवाओं को दिया नशामुक्त जीवन का संदेश

मिशन होश - नशा मुक्ति एवं रोकथाम अभियान द्वारा युवाओं को दिया नशामुक्त जीवन का संदेश

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि में विवि स्वास्थ्य केंद्र, एनएसएस एवं आईएमए महिला चिकित्सा विंग, हिसार के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को मिशन होश - नशा मुक्ति एवं रोकथाम अभियान विषयक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ, सकारात्मक और अनुशासित जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

बतौर मुख्य अतिथि, पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने की। डॉ. अजय महाजन विशिष्ट अतिथि और डॉ. बीर सिंह मुख्य वक्ता के रूप मे मौजूद रहे। थे। इस दौरान विवि की प्रथम महिला डॉ. वंदना बिश्नोई, कुलसचिव डॉ. विजय कुमार, चिकित्सा प्रकोष्ठ से डॉ. अनीशा महाजन, डॉ. मीनाक्षी बंसल, डॉ. संगीता गिरधर, डॉ. अर्चना सोनी सहित शिक्षाविद्, चिकित्सक, अधिकारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।

मुख्यातिथि डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में नशा युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। यदि युवाओं को सही समय पर जागरूक किया जाए और उन्हें सकारात्मक दिशा प्रदान की जाए तो वे न केवल स्वयं को नशे से दूर रख सकते हैं बल्कि समाज में भी नशामुक्ति का संदेश फैला सकते हैं।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और ऐसे अभियान विद्यार्थियों को सही दिशा प्रदान करने में सहायक सिद्ध होते हैं। विशिष्ट अतिथि डॉ. अजय महाजन ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित करने के साथ ही यह परिवार और समाज की संरचना को भी कमजोर करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए आत्मसंयम और जागरूकता को नशामुक्त जीवन की सबसे बड़ी शक्ति बताया। मुख्य वक्ता डॉ. बीर सिंह ने नशे के मनोवैज्ञानिक और सामाजिक प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए परिवार, शिक्षण संस्थानों और समाज को मिलकर प्रयास करने होंगे।

विवि स्वास्थ्य केंद्र की वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. सरीना हसीजा ने नशा मुक्त समाज में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका एवं जागरूकता की आवश्यकता पर विचार साझा किए। एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अंजु गुप्ता ने स्वागत भाषण  दिया। इस दौरान समाज सेवा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली हिसार की महिला चिकित्सकों डॉ. सत्या सावंत, डॉ. रंजु पोपली, डॉ. रितु चौपड़ा, डॉ. सरिता कालड़ा और डॉ. मनीषा मेहता को सम्मानित किया गया।