विशेष बच्चों के हुनर को मिला मंत्री बेदी का प्रोत्साहन, उत्पाद खरीदने की अपील

विशेष बच्चों के हुनर को मिला मंत्री बेदी का प्रोत्साहन, उत्पाद खरीदने की अपील

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने स्थानीय अर्पण बौद्धिक बाल संस्थान और श्रवण मानसिक विकलांग वयस्क केंद्र का दौरा कर सुविधाओं, प्रशिक्षण और देखभाल व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके साथ विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. जी. अनुपमा और निदेशक मुकुल कुमार भी मौजूद रहे।

मंत्री बेदी ने कक्षाओं, फिजियोथेरेपी इकाई और व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से बातचीत की और उनके बनाए चित्रों, कार्डों व अन्य उत्पादों की सराहना की। विशेष जरूरतों वाले बच्चे यहां दीये, मोमबत्तियां, डोना, वाइपर, जूते-चप्पल, टी-शर्ट और बोतलें सहित कई उपयोगी उत्पाद तैयार कर रहे हैं।

मंत्री बेदी ने आमजन से इन उत्पादों को खरीदकर बच्चों का उत्साह बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास बच्चों में आत्मविश्वास, व्यावसायिक कौशल और आत्मनिर्भरता बढ़ाते हैं। उन्होंने संस्थानों की व्यवस्थाओं में सुधार पर संतोष जताते हुए बेहतर सुविधाएं और देखभाल उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही।