बीएमयू में डांडिया महोत्सव में गूंजा नारी शक्ति और सामाजिक समरसता का संदेश

महंत बालकनाथ योगी ने बेटियों की निःशुल्क शिक्षा पर दिया जोर

बीएमयू में डांडिया महोत्सव में गूंजा नारी शक्ति और सामाजिक समरसता का संदेश

रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर में शारदीय नवरात्र के अवसर पर आयोजित डांडिया महोत्सव में कुलाधिपति एवं महंत बालकनाथ योगी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। महोत्सव में हजारों प्रतिभागियों ने डांडिया और गरबा की प्रस्तुतियों से उत्सव का रंग जमाया।

महंत बालकनाथ योगी ने मां दुर्गा के शक्ति स्वरूप का उल्लेख करते हुए नारी सम्मान, सामाजिक समरसता और आपसी सद्भाव का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि डांडिया और गरबा जैसे पारंपरिक लोकनृत्य भारतीय सांस्कृतिक विरासत के साथ सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का माध्यम हैं।

उन्होंने बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए बताया कि विवि में बेटियों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि वे उच्च शिक्षा हासिल कर आत्मनिर्भर बन सकें।

पारंपरिक परिधानों में सजे विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। मधुर संगीत और सामूहिक नृत्य से विश्वविद्यालय परिसर उत्सवी माहौल में रंग गया। महंत बालकनाथ योगी ने छात्राओं और बालिकाओं की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।