गुरु जम्भेश्वर की वाणी में पर्यावरण संरक्षण का संदेशः कुलपति प्रो. विजय कुमार

576वें जन्मोत्सव पर हवन-यज्ञ, वृक्षारोपण और सबदवाणी से गूंजा जीजेयू परिसर।

गुरु जम्भेश्वर की वाणी में पर्यावरण संरक्षण का संदेशः कुलपति प्रो. विजय कुमार

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि में नामदाता गुरु जम्भेश्वर महाराज का 576वां जन्मोत्सव और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी श्रद्धा, आस्था और पर्यावरण चेतना के साथ मनाई गई। गुरु जम्भेश्वर महाराज धार्मिक अध्ययन संस्थान में आयोजित विशेष कार्यक्रम में हवन-यज्ञ, सबदवाणी और वृक्षारोपण हुआ।

कुलपति प्रो. विजय कुमार मुख्य यजमान के रूप में शामिल हुए, जबकि कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। पूर्व कुलपति प्रो. नरसी राम, संकाय अधिष्ठाता प्रो. विनोद कुमार, विभागाध्यक्ष प्रो. किशनाराम बिश्नोई, डॉ. रामस्वरूप सहित शिक्षक, शोधार्थी और विद्यार्थियों ने हवन में शामिल होकर विश्व कल्याण, मानवता और प्रकृति की समृद्धि की कामना की।

कुलपति प्रो. विजय कुमार ने कहा कि गुरु जम्भेश्वर महाराज भारतीय संत परंपरा के युगद्रष्टा संत थे। उन्होंने सदियों पहले जीवदया, पर्यावरण संरक्षण, सदाचार और संयमित जीवन का संदेश दिया, जो आज जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण असंतुलन जैसी वैश्विक चुनौतियों के दौर में और भी प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि गुरु जम्भेश्वर महाराज के नाम पर स्थापित इस विवि का दायित्व है कि उनके जीवन-दर्शन और शिक्षाओं को शिक्षा, शोध और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से आगे बढ़ाए।

कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने कहा कि गुरु जम्भेश्वर महाराज की शिक्षाएं मानव कल्याण के साथ जीव-जगत और प्रकृति संरक्षण का संदेश देती हैं। कार्यक्रम के दौरान विवि परिसर में पौधारोपण किया गया। अंत में पाहल और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।