योग-ध्यान से दिया तनाव मुक्त जीवन का संदेश, हिंदू कॉलेज में विशेष सत्र आयोजित
रोहतक, गिरीश सैनी। लाल नाथ हिंदू कॉलेज में सेवा मेरा योगदान–सेवा संकल्प अभियान के तहत योग एवं ध्यान सत्र आयोजित किया गया। छात्र कल्याण विभाग, एनएसएस सेल और योग विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सत्र की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार तनेजा ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। नियमित योग और ध्यान से तनाव कम करने, एकाग्रता बढ़ाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में मदद मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में योग को शामिल करने के लिए प्रेरित किया।
सत्र का संचालन डॉ. अंजू देशवाल, डॉ. रजनी कुमारी, डॉ. प्रवीण शर्मा और मोहित के दिशा-निर्देशन में किया गया। प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम और ध्यान तकनीकों का अभ्यास कराया गया। उन्हें श्वास नियंत्रण, मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और तनाव प्रबंधन के महत्व की जानकारी भी दी गई। प्रतिभागियों ने स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। इस दौरान अनिला बठला, डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. पूनम, सुजाता, मीनाक्षी, सुमन, श्वेता बठला और एनएसएस स्वयंसेवक मौजूद रहे।

Girish Saini

