ग्रामीण हरियाणा में पशुधन प्रबंधन पर अध्ययन के लिए एमडीयू की प्रो. सीमा को मिली 18 लाख की रिसर्च ग्रांट

ग्रामीण हरियाणा में पशुधन प्रबंधन पर अध्ययन के लिए एमडीयू की प्रो. सीमा को मिली 18 लाख की रिसर्च ग्रांट

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा स्टेट रिसर्च फंड (एचएसआरएफ) के तहत एमडीयू के वाणिज्य विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सीमा राठी को 18 लाख रुपए की रिसर्च ग्रांट मिली है। हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद ने उनके शोध प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए दो वर्ष की अवधि के लिए यह शोध अनुदान स्वीकृत किया है।

डॉ. सीमा राठी का शोध विषय- हरियाणा में पशुधन प्रबंधन से जुड़े मुद्दे एवं उनका ग्रामीण आबादी की आर्थिक, सामाजिक और स्वास्थ्य स्थिति पर प्रभाव है। इस अध्ययन में ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन से जुड़े परिवारों की आजीविका, आर्थिक स्थिति, सामाजिक बदलाव और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों का विश्लेषण किया जाएगा।

इस परियोजना में एमडीयू के इमसार के सहायक प्रोफेसर डॉ. जितेंद्र कुमार सह-अन्वेषक के रूप में शामिल हैं।

कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने इस उपलब्धि पर डॉ. सीमा और उनकी टीम को बधाई देते हुए कहा कि विवि में समाजोपयोगी शोध को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना ग्रामीण हरियाणा की वास्तविक चुनौतियों को समझने और पशुपालन व ग्रामीण विकास से जुड़ी नीतियों को मजबूत आधार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।