लम्पी रोग पर शोध के लिए एमडीयू की प्रो. दर्शना को मिली 31 लाख की रिसर्च ग्रांट
हरियाणा स्टेट हायर एजुकेशन काउंसिल द्वारा एमडीयू के सेंटर फॉर बायोटेक्नोलॉजी की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. दर्शना चौधरी को हरियाणा स्टेट रिसर्च फंड (एचएसआरएफ) के तहत 31 लाख रुपये की रिसर्च ग्रांट स्वीकृत हुई है।
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा स्टेट हायर एजुकेशन काउंसिल द्वारा एमडीयू के सेंटर फॉर बायोटेक्नोलॉजी की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. दर्शना चौधरी को हरियाणा स्टेट रिसर्च फंड (एचएसआरएफ) के तहत 31 लाख रुपये की रिसर्च ग्रांट स्वीकृत हुई है।
यह अनुदान दो वर्षीय शोध परियोजना- लम्पी स्किन रोग के पर्यावरण-अनुकूल प्रबंधन तथा लोबिया (काउपी) में सूक्ष्म पोषक तत्वों की वृद्धि के लिए नैनो टेक्नोलॉजी और आरएनएआई के उपयोग के लिए दिया गया है। परियोजना की कुल लागत 31 लाख रुपये है, जबकि पहले चरण में 23 लाख रुपये जारी किए जाएंगे।
कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने इस शोध परियोजना अनुदान के लिए डॉ. दर्शना चौधरी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि इस परियोजना से किसानों तथा पशुपालकों को भविष्य में लाभ मिलेगा।
डॉ. दर्शना चौधरी ने बताया कि यह शोध लम्पी स्किन रोग के पर्यावरण-अनुकूल समाधान विकसित करने के साथ-साथ पोषण संवर्धित फसलों के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा। इस शोध के माध्यम से पशुधन के लिए गंभीर चुनौती बने लम्पी स्किन रोग के टिकाऊ और पर्यावरण-अनुकूल समाधान विकसित करने के साथ-साथ कृषि फसलों के पोषण स्तर को बेहतर बनाने पर कार्य किया जाएगा।
Girish Saini 


