एमडीयू छात्रों ने पीएचसी में समझी ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था

एमडीयू छात्रों ने पीएचसी में समझी ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक हेल्थ साइंसेज (यूआईपीएचएस) के विद्यार्थियों ने बनियाणी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण किया। विभागाध्यक्ष प्रो. मुनीष गर्ग के मार्गदर्शन में हुए भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत और पीएचसी की कार्यप्रणाली से रूबरू कराना रहा।

पीएचसी के चिकित्सा अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों ने विद्यार्थियों को विभिन्न सेवाओं की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने ओपीडी में मरीजों के पंजीकरण, चिकित्सकीय परामर्श और प्राथमिक उपचार की प्रक्रिया देखी। फार्मेसी यूनिट में दवाओं के भंडारण, वितरण और आवश्यक दवाओं की सूची के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं और टीकाकरण अभियानों की कार्यप्रणाली समझी तथा स्वास्थ्य कर्मियों से संवाद किया।

प्रो. गर्ग ने कहा कि सार्वजनिक स्वास्थ्य के विद्यार्थियों के लिए किताबी ज्ञान के साथ जमीनी अनुभव भी जरूरी है। इस दौरान डॉ. आनंद सिंह डांगी और मेहर सिंह ने मार्गदर्शन किया।