एमडीयू ने वरिष्ठ नागरिकों को दिए साइबर ठगी से बचाव के टिप्स

एमडीयू ने वरिष्ठ नागरिकों को दिए साइबर ठगी से बचाव के टिप्स

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के प्रशासनिक स्टाफ कॉलेज और डिजिटल लर्निंग सेंटर ने सोमवार को सेक्टर-3 स्थित सीनियर सिटीजन क्लब में डिजिटल साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों को यूपीआई, ऑनलाइन बैंकिंग, डिजिलॉकर और साइबर सुरक्षा की जानकारी दी गई।

कंप्यूटर साइंस एवं एप्लीकेशंस विभाग के प्रो. संदीप दलाल ने व्यावहारिक उदाहरणों से ऑनलाइन सेवाओं के सुरक्षित इस्तेमाल और धोखाधड़ी से बचने के उपाय समझाए। उन्होंने कहा कि डिजिटल साक्षरता आज आवश्यकता है। तकनीक की समझ वरिष्ठ नागरिकों को दैनिक कार्य आसानी से करने और डिजिटल सेवाओं का सुरक्षित लाभ उठाने में मदद कर सकती है।

संवादात्मक सत्र में प्रतिभागियों ने सवाल पूछकर अपनी शंकाओं का समाधान किया। आयोजन में एनएसएस समन्वयक डॉ. सविता राठी और स्वयंसेवकों ने सहयोग दिया।