मेयर ने किया लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न सड़कों के विकास कार्यों का शुभारंभ
रोहतक, गिरीश सैनी। नगर निगम, रोहतक के मेयर रामअवतार वाल्मीकि ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों की रिकॉर्पेटिंग एवं निर्माण कार्यों का शुभारंभ संबंधित वार्ड सदस्य की उपस्थिति में नारियल तोड़कर किया। लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इन कार्यों का उद्देश्य बेहतर सड़क सुविधाएं उपलब्ध करवाना और यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं सुरक्षित बनाना है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
मेयर ने कहा कि निगम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लंबे समय से सड़कों की मरम्मत एवं सुधार की मांग को ध्यान में रखते हुए इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि इन विकास कार्यों के तहत सेक्टर-1 एवं सेक्टर-14 की सड़कों की रिकार्पेटिंग पर लगभग 1.70 करोड़ रुपये की लागत व्यय की जाएगी। इसके अलावा ओमेक्स सिटी से मस्तनाथ रोड तक सड़क निर्माण पर लगभग 1.85 करोड़ रुपये, सेक्टर-3 की सड़कों की रिकार्पेटिंग पर लगभग 2.25 करोड़ रुपये, सेक्टर-3 पॉली क्लीनिक रोड के निर्माण कार्य पर लगभग 44 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।
नगर निगम के आयुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि निगम अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण किए जाएं तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की नियमित रूप से निगरानी की जाएगी ताकि कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे और जनता को इसका पूरा लाभ मिल सके। इस दौरान निगम के कार्यकारी अभियंता योगराज छिकारा, सहायक अभियंता शांत सुहाग व मनदीप सहित संबंधित पार्षद व क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Girish Saini 

