रोहतक में रावण दहन देखने उमड़ा जनसैलाब, 250 ड्रोन से आकाश में सजी रामायण

रोहतक में रावण दहन देखने उमड़ा जनसैलाब, 250 ड्रोन से आकाश में सजी रामायण

रोहतक, गिरीश सैनी। आसमान में रामायण के दिव्य दृश्य, आंखों से आग उगलता और गर्दन घुमाता रावण और चारों ओर गूंजते जय श्रीराम के जयकारे। रोहतक के पुरानी आईटीआई मैदान में मंगलवार को दशहरा महोत्सव का नजारा देखते ही बना। 250 से अधिक ड्रोन के भव्य शो और करीब दो घंटे तक चली आतिशबाजी के बीच रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का दहन किया गया। इस नजारे को देखने के लिए हजारों शहरवासी मैदान में जुटे।

रामलीला उत्सव कमेटी द्वारा आयोजित समारोह में महामंडलेश्वर बाबा कर्णपुरी के सानिध्य में कमेटी के मुख्य संरक्षक राजेश जैन ने भगवान श्रीराम का विजय तिलक किया। अतिथियों ने प्रतीकात्मक तीर चलाने के बाद रिमोट का बटन दबाकर तीनों पुतलों का दहन किया। पुतलों में आग लगते ही मैदान जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा।

राजेश जैन ने कहा कि दशहरा अहंकार, क्रोध और बुराइयों के अंत का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से श्रीराम के आदर्श अपनाने और मानवता की सेवा करने का आह्वान किया। मेले में झूलों, खानपान के स्टॉलों और प्रसाद वितरण के बीच देर रात तक रौनक रही।