वर्ष 2020  का कन्हैयालाल पारख राजस्थानी साहित्य पुरस्कार राजस्थानी के वरिष्ठ कवि मोहन आलोक को प्रदान

चूरू की साहित्यिक संस्था प्रयास संस्थान की ओर से प्रदान किया गया पुरस्कार 

वर्ष 2020  का कन्हैयालाल पारख राजस्थानी साहित्य पुरस्कार राजस्थानी के वरिष्ठ कवि मोहन आलोक को प्रदान

श्रीगंगानगर। चूरू की साहित्यिक संस्था प्रयास संस्थान की ओर से वर्ष 2020  का कन्हैयालाल पारख राजस्थानी साहित्य पुरस्कार रविवार को यहां पुरानी आबादी स्थित आनंद भवन में एक सादा समारोह के दौरान राजस्थानी के वरिष्ठ कवि मोहन आलोक को प्रदान किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि विधायक राजकुमार गौड़, प्रयास संस्थान के अध्यक्ष दुलाराम सहारण, वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. मंगत बादल, सृजन सेवा संस्थान के अध्यक्ष डॉ. अरुण शहैरिया ताइर एवं सचिव कृष्णकुमार आशु ने आलोक को शॉल ओढ़ाकर, पगड़ी पहनाकर, सम्मान पत्र एवं श्रीफल के साथ पुरस्कार राशि इक्यावन हजार रुपए का चैक भेंट किया।

इस मौके पर मुख्य अतिथि गौड़ ने कहा कि मोहन आलोक ने राजस्थानी साहित्य विशेष रूप से डांखळों के माध्यम से पूरे देश में अनूठी पहचान बनाई है। उनकी पहचान से श्रीगंगानगर की भी पहचान बनी है। उन्होंने आलोक के शीघ्र स्वस्थ होने और उनके दीर्घायु होने की कामना भी की और चूरू से यहां आकर आलोक का सम्मान करने के लिए प्रयास संस्थान का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मोहन आलोक की सद्य प्रकाशित कृति ‘डांखळा : 140 नॉटआउट’ का विमोचन भी किया गया।

इस मौके पर मोहन आलोक ने प्रयास संस्थान के चूरू में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए उनके कार्यों में सहयोग स्वरूप इक्यावन हजार रुपए भेंट किए। प्रयास संस्थान के अध्यक्ष दुलाराम सहारण ने आभार व्यक्त किया।  इस मौके पर चुनिंदा साहित्यकार एवं साहित्य प्रेमी उपस्थित थे।