यूआईईटी में बीटेक के लिए संस्थान स्तर की काउंसलिंग 24 जुलाई को
रोहतक, गिरीश सैनी। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में एमडीयू के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) ने बीटेक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए संस्थान स्तर की फिजिकल काउंसलिंग का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। आवेदन प्रक्रिया 9 जुलाई से शुरू हो चुकी है, जबकि पहली फिजिकल काउंसलिंग 24 जुलाई को विवि परिसर में होगी।
यूआईईटी में बायोटेक्नोलॉजी, सिविल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड मशीन लर्निंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग तथा मैकेनिकल इंजीनियरिंग शाखाओं में प्रवेश दिए जाएंगे। यूआईईटी के निदेशक डॉ. विनीत सिंगला ने बताया कि यूआईईटी में अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन, आधुनिक प्रयोगशालाओं, उद्योगोन्मुख पाठ्यक्रम, इंटर्नशिप, कौशल विकास और बेहतर प्लेसमेंट सुविधाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जाता है।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर 24 जुलाई को आयोजित संस्थान स्तर की फिजिकल काउंसलिंग में भाग ले सकते हैं। प्रवेश संबंधी विस्तृत जानकारी एमडीयू की वेबसाइट और प्रवेश पोर्टल पर उपलब्ध है।
Girish Saini 


