रोहतक में एक माह में समतल होंगे सड़कों के मैनहोल, टूटे ढक्कन भी बदलेंगे
पेयजल, सीवर और जल निकासी की समस्याओं पर समन्वय बैठक; अवैध व्यावसायिक जल कनेक्शन काटने के निर्देश
रोहतक, गिरीश सैनी। शहर में सड़कों पर असमतल मैनहोल एक माह में समतल किए जाएंगे और क्षतिग्रस्त ढक्कन बदले जाएंगे। उपायुक्त सतबीर सिंह, नगर निगम आयुक्त सतेंद्र दूहन, पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर और मेयर राम अवतार ने बुधवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर पेयजल, सीवर और जल निकासी की समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
लघु सचिवालय में हुई समन्वय बैठक में उपायुक्त सतबीर सिंह ने पर्याप्त व शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, अवैध व्यावसायिक जल कनेक्शन काटने और जलघरों की नियमित सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने पाइपलाइन या सीवर कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और खुदाई के बाद सड़कों की स्थिति दुरुस्त करने को कहा।
निगमायुक्त सतेंद्र दूहन ने बताया कि नगर निगम और जनस्वास्थ्य विभाग संयुक्त अभियान चलाकर मैनहोल समतल करवाएंगे। सीवर सफाई के दौरान निकली गाद तुरंत उठानी होगी।
पूर्व मंत्री ग्रोवर ने खोखराकोट और जींद रोड क्षेत्र में जल भंडारण के लिए स्थल चिन्हित कर प्रस्ताव तैयार करने को कहा। वहीं, मेयर ने पार्षदों की सूची के अनुसार पेयजल व सीवर लाइनों की मरम्मत और समस्याओं का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए।

Girish Saini

