सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों का जमीनी स्तर पर दिखे प्रभावः उपायुक्त सतबीर सिंह

सीएम नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा।

सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों का जमीनी स्तर पर दिखे प्रभावः उपायुक्त सतबीर सिंह

रोहतक, गिरीश सैनी। सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियां महज औपचारिकता बनकर न रह जाएं, बल्कि उनका वास्तविक असर जमीनी स्तर पर दिखाई दे और हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। यह निर्देश उपायुक्त सतबीर सिंह ने शनिवार को लघु सचिवालय में आयोजित अधिकारियों की बैठक में दिए। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेशभर में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा को समर्पित सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा, जिसके तहत जनभागीदारी बढ़ाने, सरकारी सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने और पात्र लाभार्थियों को कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर जोर रहेगा।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पिछले 12 वर्षों में जिले में करवाए गए प्रमुख विकास कार्यों की विभागवार सूची तैयार की जाए। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की सूची भी तैयार कर सोमवार तक उपलब्ध करवाने को कहा। उन्होंने अभियान की सभी गतिविधियों में बेहतर समन्वय, समयबद्ध क्रियान्वयन और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सरकार आपके द्वार लगाएगा सेवा शिविर

सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार के तहत ब्लॉक एवं विधानसभा स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इनमें लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभ दिलाने में सहायता की जाएगी। उपायुक्त ने अधिकारियों को इन शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना के लाभ से वंचित न रहने देने को कहा।

25 गतिविधियों से जुड़ेगी जनता

सेवा मेरा योगदान के तहत रक्तदान, पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर, वृद्धाश्रम एवं अनाथालयों का दौरा, बच्चों को शैक्षणिक सहयोग, महिला स्वास्थ्य, पोषण एवं एनीमिया जागरूकता, सड़क सुरक्षा, जल संरक्षण, कचरा पृथक्करण, साइबर सुरक्षा, खेल गतिविधियां और दिव्यांगजनों की सहायता समेत 25 सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

अभियान के दौरान 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। वहीं राष्ट्रीय नवाचार चुनौती के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों और युवा उद्यमियों को सुशासन व डिजिटल समाधान से जुड़े नवाचारों के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

नमो सेवा गाथा के तहत नुक्कड़ नाटकों के जरिए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। वहीं 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगन का उत्सव के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों, माताओं, पोषण और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता गतिविधियां होंगी।

उपायुक्त ने कहा कि अभियान का समापन 17 अक्टूबर को नई दिल्ली में होने वाले जनसेवक महाकुंभ के साथ होगा। उन्होंने अधिकारियों से अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।

बैठक में एडीसी नरेंद्र कुमार, रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार, आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत सिंह व नमिता सिंह, महम के एसडीएम विपिन कुमार, महम सहकारी चीनी मिल के एमडी मुकुंद तंवर, नगराधीश शुभम, पुलिस उपाधीक्षक गुलाब सिंह, डीडीपीओ राजपाल चहल, सहित अन्य विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।