विश्व पर्यावरण दिवस पर एचएसपीसीबी द्वारा विभिन्न जागरूकता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित

विश्व पर्यावरण दिवस पर एचएसपीसीबी द्वारा विभिन्न जागरूकता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित

रोहतक, गिरीश सैनी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रकृति से प्रेरित-जलवायु के लिए-हमारे भविष्य के लिए विषय के अन्तर्गत हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी) के क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संवर्धन एवं सतत जीवन शैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

क्षेत्रीय अधिकारी दिनेश कुमार ने आईएमटी रोहतक स्थित एक औद्योगिक इकाई में आयोजित कार्यक्रम में कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। इस दौरान वृक्षारोपण अभियान के तहत 100 से अधिक पौधे लगाए गए। इसी कड़ी में एक निजी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्टाफ को पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। जागरूकता अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को जूट बैग तथा जूट स्कूल किट वितरित किए गए।

पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास तथा प्लास्टिक उपयोग में कमी लाने की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाने होंगे।

इस दौरान हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, रोहतक क्षेत्र के वैज्ञानिक-बी जिनेन्द्र जैन, एईई विजय व गुरनीश, सहायक विशाल सिवाच, जेईई दीपक तथा लिपिक मनीष ने भी उपस्थित जन को पर्यावरण संरक्षण और हरित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इसके अलावा एचएसपीसीबी, रोहतक क्षेत्र की टीम द्वारा अन्य स्थानों पर भी वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लेते हुए हरित एवं स्वच्छ भविष्य के निर्माण में योगदान देने की शपथ ली।