हरियाणा सरकार शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को लगातार मजबूत कर रही हैः शिक्षा मंत्री ढांडा

काहनौर व कलानौर के राजकीय विद्यालयों के नवनिर्मित भवनों का उद्घाटन।

हरियाणा सरकार शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को लगातार मजबूत कर रही हैः शिक्षा मंत्री ढांडा

कलानौर, गिरीश सैनी। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सरकारी विद्यालयों के आधारभूत ढांचे को निरंतर मजबूत कर रही है ताकि प्रत्येक विद्यार्थी को आधुनिक सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि आज सरकारी विद्यालय केवल शिक्षा देने वाले संस्थान नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार, संस्कृति और कौशल विकास के सशक्त केंद्र बन चुके हैं।

शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा शुक्रवार को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, काहनौर तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कलानौर के नवनिर्मित भवनों का उद्घाटन करने के उपरांत विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यक्रम के अन्य अतिथियों के साथ दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि काहनौर स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का नया भवन क्षेत्र की बेटियों के उज्ज्वल भविष्य, महिला सशक्तिकरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। वर्ष 1947 में स्थापित यह विद्यालय पिछले लगभग आठ दशकों से क्षेत्र की बेटियों को शिक्षा के साथ संस्कार एवं चरित्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। वर्ष 2013 में इसे वरिष्ठ माध्यमिक स्तर का दर्जा तथा वर्ष 2019 में विज्ञान संकाय की सुविधा प्रदान की गई।

मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि प्रदेश सरकार विज्ञान शिक्षा को और अधिक सशक्त बनाने के लिए विद्यालयों में आधुनिक प्रयोगशालाएं, फर्नीचर तथा अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के अनेक विद्यालयों के भवन निर्माण के लिए करोड़ों रुपये की स्वीकृति दी जा चुकी है तथा प्रत्येक सरकारी विद्यालय में पेयजल, शौचालय, पर्याप्त कक्षाएं, बिजली, पंखे और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने अभिभावकों से सरकारी विद्यालयों पर विश्वास जताते हुए अपने बच्चों का प्रवेश सरकारी स्कूलों में कराने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शुरू की गई सुपर-100 योजना के अत्यंत उत्साहजनक परिणाम प्राप्त हुए हैं। विद्यार्थियों की बढ़ती रुचि को देखते हुए इस योजना का विस्तार कर इसे 500 विद्यार्थियों तक बढ़ा दिया गया है। उन्होंने रोहतक में जिला प्रशासन एवं समाज के सहयोग से संचालित सुपर-40 कार्यक्रम की भी सराहना करते हुए इसे सरकारी शिक्षा व्यवस्था और सामाजिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। शिक्षा मंत्री ने विद्यालय प्रांगण में अन्य अतिथियों के साथ पौधारोपण किया तथा उपस्थित जन को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा आयोजित की गई प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए बच्चों की प्रतिभा की सराहना की।

इस दौरान पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प तथा हरियाणा सरकार की शिक्षा सुधार नीतियों ने सरकारी विद्यालयों की तस्वीर बदल दी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद शिक्षा क्षेत्र में पारदर्शिता, आधुनिक आधारभूत सुविधाओं और डिजिटल व्यवस्था को बढ़ावा मिला है। शिक्षकों के स्थानांतरण की ऑनलाइन एवं पारदर्शी व्यवस्था लागू होने से वर्षों से चली आ रही अनियमितताओं पर रोक लगी है। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को डिजिटल संसाधन, टैबलेट, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा आधुनिक शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें देश की सर्वोच्च सेवाओं में पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त किया जा रहा है।

इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी बिजेंद्र हुड्डा, समग्र शिक्षा की जिला परियोजना समन्वयक सुमन हुड्डा, जिलाध्यक्ष रणबीर ढाका, रमेश भाटिया, डॉ. अशोक रंगा, रेनू डाबला गुलशन दुआ, चेयरपर्सन सुनीता, निर्मला देवी, सहित भाजपा पदाधिकारी, संबंधित गांव के सरपंच व पंच तथा विद्यालयों के स्टाफ व विद्यार्थी मौजूद रहे।