जीजेयू के नए कुलपति बोले- बातों से नहीं, काम से दिखाएं प्रतिभा
हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि, हिसार के नवनियुक्त कुलपति प्रो. विजय कुमार ने सोमवार को विवि की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कार्यभार संभालने पर शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थी प्रतिनिधियों ने उनसे मुलाकात कर बधाई दी। इस दौरान कुलसचिव डॉ. विजय कुमार भी मौजूद रहे।
कुलपति प्रो. विजय कुमार ने कहा कि व्यक्ति को अपने व्यक्तित्व में छिपी प्रतिभा का परिचय केवल बातों से नहीं, बल्कि अपने काम से देना चाहिए। उन्होंने कहा कि वे चौ. देवीलाल विवि, सिरसा के साथ-साथ जीजेयू को भी पर्याप्त समय देंगे। विवि की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान को और मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी विवि के प्रथम हितधारक हैं। उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने शिक्षकों और कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निष्ठा, लगन और जिम्मेदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ईमानदारी से किया गया कार्य ही समाज, राष्ट्र और विवि की सच्ची सेवा है।
शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने विवि के हित में सकारात्मक सोच के साथ काम करने का भरोसा दिलाया।

Girish Saini 

