जीजेयूः वूमेन सेल द्वारा कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू

जीजेयूः वूमेन सेल द्वारा कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू

हिसार, गिरीश सैनी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के वूमेन सेल, एनएसएस यूनिट और यूएलसी के सहयोग से 9 से 11 मार्च तक सलाम नारी को शीर्षक से विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इसी कड़ी में सोमवार को वूमेन सेल द्वारा प्रेरणादायक फिल्म गुंजन सक्सेनाः द कारगिल गर्ल पर एक चर्चा आयोजित की गई।

वूमेन सेल की अध्यक्षा प्रो. दीपा मंगला ने बताया कि इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से 150 से अधिक शोधार्थियों ने भाग लिया। ये फिल्म गुंजन सक्सेना के जीवन पर आधारित है, जो भारतीय वायु सेना की पहली महिला पायलटों में से एक थी और जिन्होंने 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान अपनी सेवाएं दी। फिल्म में एक ऐसी युवती की प्रेरणादायक यात्रा को दर्शाया गया है, जो बचपन से ही उड़ान भरने का सपना देखती है और अंततः पायलट बनकर पुरुष-प्रधान वातावरण में आने वाली चुनौतियों और भेदभाव को पार करती है।

कार्यक्रम के दौरान फिल्म के कुछ अंश दिखाए गए, जिसके बाद शोधार्थियों के बीच चर्चा हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने फिल्म में दिखाए गए लैंगिक रूढ़िवाद (जेंडर स्टिरियोटाइप्स) और उनके आज के पेशेवर परिवेश में प्रभाव पर विचार व्यक्त किए। चर्चा के दौरान शोधार्थियों ने आत्मविश्वास, दृढ़ संकल्प, लगन, साहस और कठिन परिस्थितियों में धैर्य जैसे नैतिक मूल्यों पर भी प्रकाश डाला। इसके साथ ही सहयोगी मार्गदर्शन और पारिवारिक समर्थन की भूमिका पर भी जोर दिया गया। इस दौरान प्रो. अंजू वर्मा, प्रो. उब्बा सविता, डॉ. तरुणा, प्रो. श्वेता सिंह, प्रो. हिमानी, डॉ. सुनीता तथा डॉ. वंदना सिंह मौजूद रही।