जीजेयूः 2026 पास आउट बैच के 13 विद्यार्थियों को मिले प्लेसमेंट ऑफर
हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के सौजन्य से प्रतिष्ठित कंपनियों के ऑन-कैंपस एवं ई-कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से विभिन्न कोर्सों के 13 विद्यार्थियों को मैन्युफैक्चरिंग, इंजीनियरिंग, पैकेजिंग, फूड प्रोसेसिंग, इंडस्ट्रियल गैस, ग्रामीण विकास और प्रिंटिंग टेक्नोलॉजी जैसे अलग-अलग क्षेत्रों में करियर के अवसर मिले हैं।
चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि विवि विद्यार्थियों को इंडस्ट्री की जरूरतों के हिसाब से ज्ञान, कौशल और प्रोफेशनल क्षमताएं देने के लिए के लिए प्रतिबद्ध है। कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने भी चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी।
प्लेसमेंट निदेशक डॉ. प्रताप सिंह ने बताया कि कैंपस और ई-कैंपस माध्यम से प्लेसमेंट ड्राइव बेल्ज इंस्ट्रूमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड, मुंजाल शोवा लिमिटेड, हरियाणा स्टेट रूरल लाइवलीहुड मिशन (एचएसआरएलएम), विजनोवा मल्टी सोर्स प्राइवेट लिमिटेड, गुप्ता ऑक्सीजन प्राइवेट लिमिटेड, कैल्प्रो फूड और ग्रीनपैक ग्रुप जैसी नामी कंपनियों द्वारा आयोजित की गई। चयन प्रक्रिया में आवेदन की स्क्रीनिंग, तकनीकी मूल्यांकन, एचआर संवाद और व्यक्तिगत साक्षात्कार शामिल रहे।
सहायक प्लेसमेंट निदेशक डॉ. आदित्य वीर सिंह ने बताया कि प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से बीटेक इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग से विक्रम, बीटेक इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग से जितेश व ललित कुमार को बेल्ज इंस्ट्रूमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड में, बीटेक मैकेनिकल इंजीनियरिंग से सूरज व गौरव कुमार को मुंजाल शोवा लिमिटेड में, एमबीए जनरल की नैना व राखी को हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एचएसआरएलएम) में, बीटेक प्रिंटिंग टेक्नोलॉजी की सोनम को विजनोवा मल्टी सोर्स प्राइवेट लिमिटेड में, एमबीए इंटरनेशनल बिजनेस की मुस्कान गुप्ता को गुप्ता ऑक्सीजन प्राइवेट लिमिटेड में, फूड टेक्नोलॉजी की नेहा सोनी को कैल्प्रो फूड में, बीटेक पैकेजिंग टेक्नोलॉजी से आशीष व बीटेक प्रिंटिंग टेक्नोलॉजी से रोहित खत्री व देवेंद्र मान को ग्रीनपैक ग्रुप में चयनित किया गया है।
Girish Saini 


